![]()
अजमेर में फर्जी लोन कंपनी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी और दो साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भवानीखेड़ा, चैनपुरा सांवर सिंह रावत को कृष्णगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को पकड़ा। इस मामले में गिरोह के 5 आरोपियों आशीष सैनी, युवराज सिंह उर्फ आदित्य, उदित चटर्जी, पीयूष और अनिल शर्मा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। यह कार्रवाई एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ और सीओ नॉर्थ शिवम जोशी के निर्देशन तथा थानाप्रभारी अरविंद सिंह चारण के नेतृत्व में की गई। एसएचओ चारण के अनुसार आरोपी ‘फिन ट्री बिजनस सॉल्यूशन इंडिया’ नाम से फर्जी कंपनी चलाता था। यह गिरोहसस्ते लोन का झांसा देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस वसूलता था। गिरोह के लोग कॉल सेंटर के जरिए देशभर में संपर्क कर फर्जी लोन के अप्रूवल लेटर भेजते थे। रकम जमा होने के बाद संपर्क बंद कर देते थे। जांच में कंपनी के खातों में करीब 1.65 करोड़ रुपए का लेन-देन मिला है, जबकि अब तक करीब 89 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। मॉल में चल रहा था कॉल सेंटर पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अजमेर के एक मॉल में कॉल सेंटर की तरह ऑफिस चलाते थे, जहां से देशभर में लोगों को कॉल कर ठगी की जाती थी। पुलिस ने सीडीआर, सोशल मीडिया ट्रैकिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर आरोपी सांवर को गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम की रिकवरी की जांच कर रही है।
89 लाख की ठगी का 2 साल से फरार आरोपी-गिरफ्तार:फर्जी लोन कंपनी बनाकर करता था वारदात, 10 हजार का इनामी, 5 लोग पहले ही गिरफ्तार
Leave a comment