घाटमपुर दीना मार्केट में आग लगने से दुकानदार की मौत:विधायक सरोज कुरील ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, हर संभव मदद का आश्वासन दिया

Actionpunjab
3 Min Read




घाटमपुर के दीना मार्केट में तीन सगे भाइयों की दुकानों में आग लगने से एक दुकानदार की जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य लोग झुलस गए। हादसे के बाद घाटमपुर विधायक सरोज कुरील और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला मंत्री ललित सोनी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। शनिवार दोपहर घाटमपुर विधायक सरोज कुरील मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार का हालचाल जाना। उन्होंने मृतक के भाई रज्जनलाल गुप्ता को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन के माध्यम से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान व्यापार मंडल के जिला मंत्री ललित सोनी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया। घर और दुकान का सारा सामान जलकर राख
पीड़ित रज्जनलाल गुप्ता ने बताया कि आग में उनकी दुकान के साथ-साथ घर का सारा सामान भी जलकर खाक हो गया। इससे पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूट गया है। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की, ताकि वे फिर से अपना जीवन पटरी पर ला सकें। विधायक बोलीं-सरकार परिवार के साथ खड़ी है विधायक सरोज कुरील ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के जरिए राहत दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और पीड़ित परिवार को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। क्या है पूरा मामला?
घाटमपुर कस्बे के दीना मार्केट में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दुकानों में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। आग की चपेट में आने से दुकानदार रामकिशन गुप्ता की जलकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सीएफओ समेत फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो चुका था। इस हादसे में परिवार के पांच अन्य सदस्य भी झुलस गए, जिनका उपचार घाटमपुर सीएचसी में कराया गया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *