11 दिन के बच्चे को जलता देखती रही मां:पठानकोट में पिता की शिकायत पर केस, बोला- बिस्तर में जल रहा था, पत्नी पास खड़ी थी

Actionpunjab
5 Min Read




पठानकोट के विधानसभा हलका भोआ के गांव भोआ एक मां पर अपने ही 11 दिन के मासूम को आग लगाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, यह मामला 4 महीने पुराना बताया जा रहा है। लेकिन, महिला के पति सहित ससुराल पक्ष ने गुरुवार को एसएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।
जिसके बाद पुलिस ने परिवार के बयान लिए और जांच के बाद बच्चे की मां पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला की पहचान जिला गुरदासपुर के धारीवाल निवासी संतोष के तौर पर हुई है। पति ने पुलिस को ये बयान करवाए दर्ज
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में पति मंदीप सिंह ने बताया कि 15 जनवरी को दोपहर 2 बजे वो अपने पिता सुरिंदर पाल के साथ बाजार गया था। घर पर पत्नी संतोष और 11 दिन का बेटा जैविक था। मंदीप सिंह के मुताबिक जब वो एक घंटे बाद वापिस घर आया तो कमरे से धुआं निकल रहा था और बच्चे को जोर-जोर से रोने की आवाजें आ रही थीं। बिस्तर के साथ जल रहा था बच्चा, पत्नी पास खड़ी देख रही थी
पति मंदीप सिंह ने बताया कि जब वो कमरे में पहुंचा तो देखा कि बच्चे के बिस्तर को आग लगी थी। बच्चा भी आग की चपेट में आ चुका था। लेकिन, उसकी पत्नी पास ही खड़ी थी। उसने अपने परिवार के साथ किसी तरह आग बुझाई और बच्चे को आग से बाहर निकाला। लेकिन, तब तक बच्चे के दोनों पैर, टांगें, पेट आर कोहनी आग से बुरी तरह झुलस चुके थे। मंदीप ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने ही बच्चे के बिस्तर को आग लगाई थी।
पति का आरोप, गुस्से में आपा खो देती है पत्नी
बच्चे के पिता मंदीप सिंह ने बताया कि उनकी शादी 6 साल पहले हुई थी। शुरुआत में परिवार संयुक्त था, लेकिन पत्नी अक्सर घर में झगड़ा और कलेश करती थी। मंदीप के अनुसार, उसकी पत्नी को जब गुस्सा आता है, तो वह आपा खो देती है और पागलों जैसी हरकतें करने लगती है। यहां तक कि गर्भावस्था के दौरान उसने अपने पेट पर मुक्के मारकर बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की थी।
पहले हो चुकी 16 दिन के बच्चे की मौत
मंदीप ने आरोप लगाया कि 4 साल पहले उनका पहला बच्चा जब मात्र 16 दिन का था, तब उसकी भी मौत आग लगने से हुई थी। तब पत्नी ने बहाना बनाया कि वह दूसरे घर में कोई सामान लेने गई थी और पीछे से आग लग गई, लेकिन आग लगने का कारण आज तक स्पष्ट नहीं हो सका।
अब 11 दिन के बच्चे को लगी आग
मंदीप ने आरोप लगाया कि 4 महीने पहले जब दूसरा बेटा हुआ तो पत्नी ने फिर से गर्भपात की कोशिश की थी। बच्चा होने के मात्र 11 दिन बाद जब मंदीप और उनके पिता दवाई लेने बाहर गए थे तो पत्नी ने फोन कर सामान मंगवाया। उसके मात्र 5 मिनट बाद फोन आया कि बच्चे को आग लग गई है। उसका भी कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। लेकिन, इससे बच्चे की दोनों टांगें बुरी तरह झुलस गईं। मंदीप ने बताया कि जब उन्होंने ससुराल पक्ष से शिकायत की, तो उन्होंने अपनी बेटी को समझाने के बजाय पल्ला झाड़ लिया। पोती की सुरक्षा की गुहार
बच्चे के दादा सुरिंदर पाल ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग करते हुए कहा कि उनकी बहू फिलहाल अपने मायके में है। उन्होंने चिंता जताई कि उनकी 5 साल की पोती भी है, जिसकी जान को वे अपनी बहू से खतरा मानते हैं। उन्होंने मांग की है कि उनकी पोती को उनके पास वापस दिलाया जाए। आरोपी बहू के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
आरोपी मां पर मामला दर्ज
मंदीप की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने बच्चे की मां जिला गुरदासपुर के धारीवाल निवासी संतोष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिल्हाल आरोपी महिला पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी महिला को काबू कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *