धर्मकोट में अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़:8 युवक रेस्क्यू, संचालकों पर केस दर्ज, पुलिस ने खेतों में मारा छापा

Actionpunjab
2 Min Read




धर्मकोट पुलिस ने गांव ढोलेवाला के खेतों में चल रहे एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 युवकों को जनेर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया, जबकि 5 युवक मौके से भागने में सफल रहे। डीएसपी धर्मकोट सुखविंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर लछमन सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि ढोलेवाला के खेतों में एक गैरकानूनी नशा मुक्ति केंद्र संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तहसीलदार और डॉक्टरों की एक टीम के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस बल ने केंद्र को चारों ओर से घेरकर वहां मौजूद युवकों को बाहर निकाला। जांच में सामने आई सच्चाई जांच में सामने आया कि यह केंद्र मोगा निवासी कुलजीत सिंह और धर्मकोट निवासी रिक्की टंडन द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के चलाया जा रहा था। केंद्र में रखे गए युवकों के साथ उचित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि मौके से भागे युवकों की तलाश जारी है। वहीं, पकड़े गए युवकों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें जनेर स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केंद्र संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *