![]()
बरनाला जिले के टल्लेवाल क्षेत्र में पुलिस की बहादुरी का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थाना टल्लेवाल की पुलिस टीम ने नहर में डूब रही एक महिला की जान बचाकर मानवता का फर्ज निभाया। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस टीम की काफी प्रशंसा हो रही है। जानकारी के अनुसार, थाना टल्लेवाल पुलिस पुल पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने अचानक देखा कि एक महिला नहर में कूद गई। महिला को पानी में गिरते देख पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। थाना टल्लेवाल के एसएचओ सरबजीत सिंह रंगिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। इस दौरान एएसआई कुलदीप सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तेज़ कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। महिला के छोटे बेटे की हो चुकी मौत महिला को बाहर निकालने के तुरंत बाद पुलिस कर्मियों ने प्राथमिक सहायता दी और एम्बुलेंस बुलाकर उनका मेडिकल चेकअप करवाया। पूछताछ में महिला की पहचान मनजीत कौर पत्नी दर्शन सिंह निवासी गांव हमीदी के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला मानसिक तनाव से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि उनके छोटे बेटे की कुछ समय पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद वह काफी परेशान रहने लगी थीं। इसी मानसिक परेशानी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। परिजनों को मौके पर बुलाकर महिला को सौंपा मेडिकल जांच के बाद महिला की हालत सामान्य पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को मौके पर बुलाकर सुरक्षित उनके हवाले कर दिया। थाना इंचार्ज सरबजीत सिंह रंगियां ने बताया कि पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि परिवार में कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से गुजर रहा हो तो उसका समय रहते इलाज करवाएं और उसका हौसला बढ़ाएं।
बरनाला में पुलिस ने नहर में कूदी महिला को बचाया:मानसिक तनाव के कारण लगाई थी छलांग; एएसआई ने जान पर खेलकर बाहर निकाला
Leave a comment