बुलंदशहर में दो इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार:हत्या के आरोपी बदमाशों से अवैध हथियार और डीबीआर बरामद

Actionpunjab
2 Min Read




बुलंदशहर के खुर्जा नगर में पुलिस और स्वाट टीम ने मंगलवार रात हुई मुठभेड़ के बाद दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश खुर्जा नगर में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई थी। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के मुंडा खेड़ा नहर के पास डीबीआर बरामद करने पहुंची थी। यह बरामदगी अभियुक्तों रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी की निशानदेही पर की जा रही थी। इसी दौरान, बदमाशों ने पास में छिपाए गए हथियारों से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। गिरफ्तार किए गए घायल बदमाशों की पहचान रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश पुत्र महेशचंद्र सैनी और भारत सैनी पुत्र प्रेमचंद सैनी के रूप में हुई है। दोनों खुर्जा नगर के सुभाष रोड और नेहरूपुर चुंगी के निवासी हैं। उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और एक डीबीआर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ये दोनों बदमाश खुर्जा नगर थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित थे। इनकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले में पहले भी एक अभियुक्त मयंक को पुलिस मुठभेड़ में और दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। खुर्जा नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बदमाशों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *