यमुनानगर में करंट से असिस्टेंट लाइनमैन की मौत:परमिट लेने के बावजूद चालू हुई बिजली, जंपर जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़ा था

Actionpunjab
2 Min Read




यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में मुखर्जी पार्क स्थित फीडर पर काम के दौरान एक असिस्टेंट लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव माली माजरा निवासी 42 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तहत बिजली निगम में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, बुधवार को मुखर्जी पार्क इलाके में लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। इस खराबी को दूर करने के लिए मुकेश कुमार अपने सहकर्मी गणेश के साथ मौके पर पहुंचा। दोनों कर्मचारियों ने नियमानुसार पहले परमिट लिया और ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू किया। शुरुआती प्रक्रिया के तहत जंपर लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम इसी दौरान मुकेश कुमार दोबारा जंपर जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़ा। तभी अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और संतुलन खोकर नीचे खड़ी ट्रॉली में गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मुकेश को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन और साथी कर्मचारी उसे पंचकूला के अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग मामले की जांच कर रहे जगाधरी थाना के जांच अधिकारी सुमित कांबोज के अनुसार, हादसा ट्रांसफार्मर पर जंपर जोड़ते समय हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। मृतक के परिजनों ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब मुकेश ने विधिवत परमिट लेकर काम शुरू किया था, तो बिजली आपूर्ति अचानक कैसे चालू हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *