सोनीपत में 30 अप्रैल को स्वगणना का अंतिम दिन:डीसी नेहा सिंह बोलीं- पोर्टल पर 5 मिनट दें, नहीं तो घर आएंगे प्रगणक

Actionpunjab
2 Min Read




सोनीपत की उपायुक्त (डीसी) नेहा सिंह ने जिलावासियों से 30 अप्रैल तक स्वयं जनगणना पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह स्वयं जनगणना का अंतिम दिन है, और यदि नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज नहीं करते हैं, तो 1 मई से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। डीसी नेहा सिंह ने बताया कि अब तक जिले में 12,829 से अधिक परिवार स्वयं जनगणना का कार्य पूरा कर चुके हैं। उन्होंने इसे जनभागीदारी और जागरूकता का प्रतीक बताया, विशेषकर युवाओं में इस अभियान के प्रति उत्साह देखा गया है। स्वयं जनगणना एक सरल प्रक्रिया है, जिसे se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर केवल 5 से 7 मिनट में पूरा किया जा सकता है। डीसी ने आमजन से आग्रह किया है कि वे 1 मई से शुरू होने वाले वास्तविक हाउस लिस्टिंग और जनगणना संचालन के दौरान अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के साथ पूर्ण सहयोग करें। उन्हें सही, सटीक और अद्यतन जानकारी प्रदान करना आवश्यक है। उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनगणना को एक राष्ट्रीय दायित्व बताया, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक देश के विकास, नीति-निर्धारण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी देने से इनकार करना या सहयोग न करना जनगणना अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। डीसी ने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महोत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी जनगणना अवश्य करवाने का आग्रह किया। किसी भी प्रगणक, पर्यवेक्षक या नागरिक को समस्या आने पर वे अपने संबंधित पर्यवेक्षक या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जनगणना विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया है, जिस पर कोई भी नागरिक, प्रगणक या पर्यवेक्षक अपनी समस्या दर्ज करा सकता है। प्रत्येक शिकायत पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *