ओपीडी में डॉक्टर न मिलने पर मरीज ने बनाया वीडियो:उन्नाव में प्रबंधन ने अनुपस्थिति पर दी सफाई, तीमारदारों ने व्यवस्था में सुधार की मांग

Actionpunjab
2 Min Read




उन्नाव जिला अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। गुरुवार को एक मरीज ने डॉक्टर के कक्ष के बाहर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतार दिख रही है, जबकि डॉक्टर अपनी कुर्सी पर मौजूद नहीं थे। मरीज ने आरोप लगाया कि भीड़ अधिक होने के कारण डॉक्टर ओपीडी छोड़कर चले गए। यह वीडियो कथित तौर पर डॉक्टर बृज कुमार की ओपीडी के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मरीजों का कहना है कि उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता है, लेकिन कई बार डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं होते, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि, इस पूरे मामले में अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को खारिज किया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) राजू गुप्ता ने बताया कि संबंधित डॉक्टर सुबह से ही अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। सीएमएस ने कहा कि संभव है कि डॉक्टर कुछ समय के लिए इमरजेंसी वार्ड में किसी गंभीर मरीज को देखने चले गए हों, जिसके कारण ओपीडी कक्ष कुछ देर के लिए खाली रह गया। उन्होंने यह भी बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक रहती है और डॉक्टरों को कई बार एक साथ ओपीडी और इमरजेंसी दोनों की जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। ऐसे में कभी-कभी इस तरह की स्थिति बन जाती है। वहीं, इस घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि यदि डॉक्टरों को इमरजेंसी में जाना पड़ता है तो ओपीडी में वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि मरीजों को लंबा इंतजार न करना पड़े। फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *