![]()
राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ और टॉडगढ़-रावली वन्यजीव अभ्यारण्यों में आज शाम से वन्यजीवों की गणना शुरू होगी। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले इस विशेष अभियान में 214 वाटर हॉल पर 280 गणनाकर्मी तैनात रहेंगे और 38 कैमरों के जरिए वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। शाम 5 बजे से शुरू होगी गणना डीएफओ आरएन भाकर के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी बुद्ध पूर्णिमा पर वन्यजीवों की गणना का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गणना प्रक्रिया आज शाम 5 बजे से शुरू होकर शनिवार शाम 5 बजे तक लगातार चांदनी रात में जारी रहेगी। वन विभाग ने दोनों अभ्यारण्यों में वन्यजीवों के पानी पीने के लिए कुल 214 वाटर हॉल चिन्हित किए हैं, जिनमें 91 प्राकृतिक और 123 कृत्रिम वाटर हॉल शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर गणनाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस बार आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए 38 कैमरे भी लगाए गए हैं, जो वाटर हॉल पर आने वाले वन्यजीवों की गतिविधियों को रिकॉर्ड करेंगे। गणनाकर्मियों के बैठने के लिए पेड़ों पर मचान बनाए गए हैं और सभी वाटर हॉल की सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों और वन्यजीव प्रेमियों सहित 280 लोग भाग ले रहे हैं। अभ्यारण्यों में लेपर्ड, हायना, भालू, सांभर, नीलगाय, चौसिंगा, मोर, बंदर सहित कई वन्यजीव और सरीसृप प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनकी इस गणना के दौरान निगरानी की जाएगी।
राजसमंद में आज से वन्यजीवों की गणना:कुंभलगढ़ ओर टॉडगढ़ रावली में निगरानी के लिए 214 वाटर हॉल बनाए
Leave a comment