मथुरा में चलती ट्रेन से रेल ट्रॉली से टकराई:निजामुद्दीन-सोगरिया जा रही थी गाड़ी, इंजन क्षतिग्रस्त; पांच कर्मचारियों ने कूदकर बचाई जान

Actionpunjab
2 Min Read




मथुरा में वृंदावन रोड स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। निजामुद्दीन से सोगरिया जा रही एक ट्रेन का इंजन अचानक एक रेल ट्रॉली से टकरा गया। पांच कर्मचारियों ने कूदकर जान बचाई, इस टक्कर से ट्रेन के इंजन का कंप्रेसर पाइप फट गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि टक्कर ज्यादा भीषण नहीं थी और किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के चार-पांच कर्मचारी एक ट्रॉली पर रेल का सामान लेकर ट्रैक पर काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन से उनकी ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। इस अचानक हुई घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। टक्कर के बाद ट्रेन लगभग 15 मिनट तक घटनास्थल पर रुकी रही। क्षतिग्रस्त इंजन को मथुरा जंक्शन लाया गया, जहां उसे बदलकर नया इंजन लगाया गया। इसके बाद ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के कारण ट्रेन लगभग 40 मिनट तक प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में कर्मचारियों की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। टक्कर के बाद ट्रॉली पर सवार कर्मचारी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *