![]()
फरीदकोट के गांव सुलखनवाला के एक कॉलेज छात्र योगेश शर्मा का शव आज फाजिल्का जिले से गुजरती नहर में मिला। योगेश पिछले करीब एक सप्ताह से लापता था। परिजनों के अनुसार, उसका कॉलेज के एक प्रोफेसर से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के फूफा जगतार सिंह ने बताया कि योगेश शर्मा फरीदकोट के एक निजी कॉलेज में पढ़ता था। कुछ दिन पहले उसका कॉलेज के एक प्रोफेसर से किसी बात पर विवाद हो गया था, जिसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन को भी की गई थी। 25 अप्रैल को नहर में कूदा था योगेश 25 अप्रैल को नहर में कूद गया था। परिवार के सदस्य तब से उसकी तलाश कर रहे थे। दो दिन बाद फरीदकोट से गुजरती एक बड़ी नहर में एक युवक का शव बहते देखा गया, जिसके बाद परिजनों ने नहर की सभी शाखाओं में उसकी तलाश शुरू कर दी। आज परिवार अबोहर के कंधवाला रोड से गुजरती नहर में योगेश को ढूंढ रहा था। इसी दौरान, फाजिल्का जिले से उन्हें सूचना मिली कि तामकोट गांव के पास एक नहर में एक शव बह रहा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई। सूचना मिलने पर संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव उन्हें सौंप दिया। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट ले गए। योगेश अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था।
फरीदकोट के छात्र का शव फाजिल्का की नहर में मिला:प्रोफेसर से हुआ था विवाद, 7 दिन से लापता था, पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा
Leave a comment