हरदोई में संविदाकर्मी की मौत पर बिजली विभाग की कार्रवाई:जेई निलंबित, एसएसओ बर्खास्त, एसडीओ पर कार्रवाई, एक्सईएन को चेतावनी

Actionpunjab
3 Min Read




हरदोई में बिजली लाइन पर फॉल्ट ठीक करते समय संविदा लाइनमैन रिजवान की करंट लगने से मौत के मामले में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में लापरवाही सामने आने के बाद एक अवर अभियंता (जेई) को निलंबित कर दिया गया है, जबकि सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) को बर्खास्त कर दिया गया। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को चेतावनी जारी की गई है। यह घटना बृहस्पतिवार रात तत्योरा विद्युत उपकेंद्र पर हुई थी। संविदा लाइनमैन रिजवान बिजली लाइन पर फॉल्ट ठीक कर रहा था, तभी उसे करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। मामले ने तूल पकड़ा तो उच्चाधिकारियों ने जांच के आदेश दिए। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि संविदा कर्मी सकतपुर फीडर पर काम कर रहा था, लेकिन शटडाउन काशीपुर फीडर का लिया गया था। इसी बड़ी चूक के कारण लाइन में करंट दौड़ता रहा, जिससे रिजवान हादसे का शिकार हो गया। अधीक्षण अभियंता राजीव भट्ट ने बताया कि तत्योरा उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ बृजेश कुमार की संविदा समाप्त कर उसे बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, उपकेंद्र के अवर अभियंता सुधीर कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपखंड अधिकारी बावन रजत गुप्ता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भेजी गई है। इसके अलावा, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड शहर प्रेम प्रकाश सिंह को चेतावनी जारी की गई है। तत्योरा उपकेंद्र पर तैनात सभी 12 संविदा कर्मियों (तीन एसएसओ और नौ लाइनमैन) को बदलने के भी निर्देश दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सुरक्षा निदेशालय की टीम और विभागीय टीम अलग-अलग स्तर पर कर रही है। मृतक संविदा कर्मी के परिजनों को साढ़े सात लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। एसएसओ बृजेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अवर अभियंता की ओर से शहर कोतवाली में तहरीर भी दी गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *