हांसी में कार चालक की शर्मनाक हरकत:रिटायर्ड कर्मचारी को मारी टक्कर, इलाज के बहाने ले जाकर रास्ते में छोड़ा, हाथ पैर में फ्रैक्चर

Actionpunjab
4 Min Read




हरियाणा के हांसी में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। इसमें एक तेज रफ्तार कार चालक ने पहले तो एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और लोगों घिरा तो फिर मदद का नाटक कर अस्पताल ले जाने के लिए कार मे बैठाया, कुछ दूर ले जाकर उन्हें बीच रास्ते में लावारिस छोड़ दिया। काफी देर बाद जब वह अस्पताल ने नहीं पहुंचे तो बेटे को चिंता हुई। कुछ देर बाद घायल ने फोन किया तो बेटे को लोकेशन की जानकारी हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर समय रहते उन्हें सही इलाज न मिलता, तो चालक की इस लापरवाही के कारण कोई भी अनहोनी हो सकती थी। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है, लेकिन परिजनों ने रोष व्यक्त किया है कि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर घायल के बयान दर्ज नहीं किए थे। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए ताकि उस सफेदपोश अपराधी और उसके साथ मौजूद महिला की पहचान हो सके। पुलिस अब मामले की जांच कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। जानिए पूरा मामला: महिला के साथ बैठे कार सवार की शर्मनाक हरकत घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को मारी टक्कर: पीड़ित हनुमान कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय राजबीर सिंह हरियाणा रोडवेज विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। रविवार सुबह करीब 9:15 बजे जब राजबीर सिंह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक ने चालाकी दिखाते हुए अपनी गलती स्वीकार की और घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुँचाने का प्रस्ताव दिया। कार में चालक के साथ एक महिला भी सवार थी। कार में बैठी थी महिला इसलिए परिजनों ने किया भरोसा: राजबीर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन पर भरोसा किया और बुजुर्ग को कार में बैठा दिया। राजबीर का बेटा बलजीत अपनी बाइक पर सवार होकर अस्पताल की ओर निकला, ताकि वहाँ पहुँचकर इलाज की तैयारी कर सके, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि चालक के मन में कुछ और ही चल रहा है। पिता का फोन आया तब बेटे को पता चला: विश्वासघात की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब आरोपी चालक घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाने के बजाय हिसार बाईपास स्थित समाधा रोड के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। काफी देर बाद जब राजबीर सिंह ने हिम्मत जुटाकर अपने बेटे को फोन किया और पूरी आपबीती बताई, तब जाकर उनकी लोकेशन का पता चल सका। हाथ में दो फ्रैक्चर, पैर में गरी चोट:बलजीत तुरंत मौके पर पहुँचा और अपने घायल पिता को लेकर हांसी के सामान्य अस्पताल पहुँचा, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। वर्तमान में राजबीर सिंह का इलाज हांसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में उनके हाथ में दो जगहों पर फ्रैक्चर हुआ है और पैर में भी गहरी चोटें आई हैं। बुजुर्ग की हालत स्थिर है लेकिन वे गहरे सदमे में हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *