हांसी मेले में अश्लील डांस और खतरनाक झूले विवादों में:भाजपा नेताओं के फोटो लगे, विधायक बोले-आयोजन से कोई लेना-देना नहीं

Actionpunjab
3 Min Read




हांसी शहर में आयोजित एक ‘मनोरंजन मेले’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मेले में महिला डांसरों द्वारा कथित तौर पर अश्लील डांस किए जाने और खतरनाक ऊंचे झूले लगाए जाने के आरोप हैं। इस आयोजन में भाजपा नेताओं के फोटो का इस्तेमाल भी विवाद का कारण बना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मेले में डांसरों के आपत्तिजनक प्रदर्शन से परिवार सहित आए दर्शकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। यह मेला शहर के मध्य में आयोजित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। भाजपा नेता बोले- बिना अनुमति के लगाए फोटो मेले के मुख्य द्वार पर पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, हांसी के विधायक विनोद भयाना और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नेहा धवन के फोटो लगे मिले। हालांकि, इन तीनों नेताओं ने इस आयोजन से किसी भी संबंध से इनकार किया है। मंत्री गंगवा ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना फोटो लगाना गलत है, जबकि विधायक भयाना ने भी अपनी कोई भागीदारी होने से साफ मना किया। बिना सुरक्षा मानक के लगाए गए 50 फुट ऊंचे झूले मेले में लगाए गए लगभग 50 फुट ऊंचे झूले भी चिंता का विषय हैं। आरोप है कि ये झूले बिना किसी सुरक्षा मानक या आवश्यक अनुमति के स्थापित किए गए हैं। अभिभावक बच्चों की जिद पर उन्हें इन झूलों में बैठा रहे हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। गौरतलब है कि हाल ही में सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई थी, जिसने ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। झूलों के लिए कोई अनुमति नहीं दी- एसडीएम इस संबंध में एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि प्रशासन ने इन झूलों के लिए कोई अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों और शहर थाना प्रभारी को इस पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम ने कहा, “इसके बावजूद अगर झूले लगाए गए हैं तो यह पूरी तरह गलत है। यह जांच का विषय है कि आयोजकों ने किस आधार पर अनुमति का दावा किया।” आयोजकों पर कार्रवाई की मांग फिलहाल यह मेला प्रशासन और आयोजकों के बीच सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोग इस पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के आयोजनों में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *