- Hindi News
- International
- World News Updates; Russia Ukraine War Ceasefire | US Iran Israel Pakistan Germany China Breaking News
46 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रूस और यूक्रेन ने 9 मई के विक्ट्री डे से पहले अलग-अलग समय पर युद्धविराम का ऐलान किया है। रूस ने शुक्रवार और शनिवार के लिए सीजफायर घोषित किया है, जबकि यूक्रेन ने कहा है कि वह बुधवार रात 12 बजे से युद्ध रोक देगा।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने यह फैसला द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की हार की 81वीं सालगिरह के मौके पर लिया। लेकिन साथ ही उसने चेतावनी भी दी है कि अगर यूक्रेन ने समारोह में कोई बाधा डाली, तो कीव पर बड़ा मिसाइल हमला किया जाएगा।
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश बुधवार रात से युद्धविराम मानेगा, लेकिन रूस की हर कार्रवाई का जवाब भी देगा। उन्होंने ट्रूस की कोई तय समयसीमा नहीं बताई।
इस बार मॉस्को के रेड स्क्वायर में होने वाली विक्ट्री डे परेड भी अलग तरीके से होगी। संभावित ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए टैंक और बड़े हथियार इसमें शामिल नहीं किए जाएंगे।
रूस ने कीव में रह रहे लोगों और विदेशी दूतावासों को शहर छोड़ने की चेतावनी भी दी है। इससे पहले भी कई बार सीजफायर की कोशिशें हुईं, लेकिन ज्यादातर बार उनका ज्यादा असर नहीं दिखा।
करीब दो दशकों में पहली बार मॉस्को की परेड बिना भारी हथियारों के होगी। सुरक्षा वजहों से कई शहरों में परेड सीमित या रद्द की जा रही हैं।
विक्ट्री डे रूस के लिए बहुत अहम दिन होता है। इसे व्लादिमिर पुतिन देश की ताकत और देशभक्ति से जोड़कर देखते हैं।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
जर्मनी में कार भीड़ में घुसी, 2 की मौत, 22 घायल; आरोपी गिरफ्तार

जर्मनी के लीपजिग शहर में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार के भीड़ में घुसने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। घटना शॉपिंग एरिया ग्रिमाइशे श्ट्रासे में हुई।
पुलिस के मुताबिक, कार ऑगस्टसप्लात्ज से होते हुए भीड़ में घुस गई और कई लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती रही। हादसे में 63 वर्षीय महिला और 77 वर्षीय पुरुष की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना के बाद 33 वर्षीय जर्मन नागरिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बहुत तेज गति से आई और टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। कई लोग दुकानों में छिप गए, जबकि राहगीरों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।
जर्मनी में हाल के वर्षों में इस तरह के हमले बढ़े हैं। इससे पहले भी कई शहरों में कार से भीड़ को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
चीन में पटाखा फैक्ट्री में धमाका: 21 की मौत, 61 घायल

चीन के हुनान प्रांत के लियूयांग शहर में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 61 लोग घायल हो गए। हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे हुआ।
सरकारी मीडिया के अनुसार, विस्फोट लियूयांग हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी में हुआ, जो गुआंडू टाउनशिप में स्थित है।
धमाके के बाद तुरंत इमरजेंसी और फायर रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया। बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई, जबकि 61 घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच जारी है।
व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी: सीक्रेट सर्विस ने हथियारबंद व्यक्ति को मारी गोली

अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास सोमवार दोपहर गोलीबारी की घटना के बाद परिसर को कुछ समय के लिए लॉकडाउन करना पड़ा। सीक्रेट सर्विस और एक हथियारबंद व्यक्ति के बीच हुई फायरिंग में आरोपी घायल हो गया।
सीक्रेट सर्विस के अनुसार, बाहरी इलाके में गश्त कर रहे एजेंट्स ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियार के साथ देखा। जब अधिकारियों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह भागने लगा और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एजेंट्स ने भी गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया।
इस घटना में एक नाबालिग भी घायल हुआ है, हालांकि उसकी हालत गंभीर नहीं है।
घटना उस समय हुई जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला कुछ ही देर पहले उस इलाके से गुजरा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने व्हाइट हाउस परिसर को कुछ समय के लिए लॉकडाउन कर दिया और मीडिया कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
फिलहाल आरोपी की पहचान और हमले के मकसद का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
क्रूज शिप पर हंतावायरस का खतरा: 3 की मौत, एक ICU में; WHO अलर्ट

अटलांटिक महासागर में एमवी होंडियस क्रूज शिप पर हंतावायरस संक्रमण के बीच 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक ब्रिटिश नागरिक गंभीर हालत में ICU में भर्ती है। मामले की जांच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) कर रहा है।
क्रूज ऑपरेटर के मुताबिक, मृतकों में एक डच दंपती और एक जर्मन यात्री शामिल हैं। इनमें से डच महिला और 69 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक में हंटावायरस की पुष्टि हुई है।
ब्रिटिश नागरिक को जोहान्सबर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
एक ब्रिटिश क्रू मेंबर समेत 5 और संदिग्ध मामलों की जांच की जा रही है। वहीं दो क्रू मेंबर्स में सांस से जुड़ी समस्या के लक्षण मिले हैं, हालांकि उनमें अभी वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
हंतावायरस आमतौर पर इंसानों के बीच आसानी से नहीं फैलता।
क्रूज शिप पर 23 देशों के 149 लोग सवार हैं। डच अधिकारी गंभीर मरीजों के मेडिकल इवैक्युएशन की तैयारी कर रहे हैं।
WHO ने कहा है कि यह संक्रमण दुर्लभ है और आम जनता के लिए खतरा कम है, इसलिए घबराने या यात्रा प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं है।
50 साल बाद पाकिस्तान ने शुरू किया शराब निर्यात: UK-जापान समेत कई देशों को सप्लाई

करीब पांच दशकों बाद पाकिस्तान ने शराब के निर्यात को फिर से शुरू कर दिया है। देश की एकमात्र स्थानीय ब्रेवरी मरी ब्रेवरी ने अप्रैल से कई देशों को बीयर और अन्य अल्कोहलिक पेय भेजना शुरू किया है।
कंपनी के मुताबिक, यूनाइटेड किंगडम, जापान, पुर्तगाल और थाईलैंड जैसे देशों में निर्यात किया गया है। हालांकि, यह सप्लाई उन देशों तक सीमित है जो ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) का हिस्सा नहीं हैं।
पाकिस्तान में बहुसंख्यक मुस्लिम आबादी के लिए पिछले करीब 50 साल से शराब पर प्रतिबंध है, जबकि गैर-मुस्लिम समुदाय और विदेशी नागरिकों को सीमित अनुमति दी जाती है।
माना जा रहा है कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार और विदेशी मुद्रा अर्जन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
