![]()
गोरखपुर में सोमवार को हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है और गर्मी का असर कम हुआ है। तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिली है और मौसम पहले के मुकाबले ठंडा महसूस हो रहा है। मंगलवार सुबह से आसमान साफ है और धूप निकल रही है, हालांकि बीच-बीच में बादल भी नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन भर धूप और बादल का यही सिलसिला जारी रहेगा। आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रहेगी, जिससे लोगों को आराम मिलेगा। बुधवार को हल्की बारिश की संभावना मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय के अनुसार बुधवार को हल्की बारिश हो सकती है। इससे मौसम और सुहावना हो जाएगा और तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 मई तक धूप, बादल और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। इस दौरान गर्मी ज्यादा नहीं पड़ेगी। साथ ही 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा। पिछले दिनों ऐसा रहा तापमान अप्रैल में पारा 42 डिग्री तक पहुंचा था, मई में राहत अप्रैल महीने में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं मई के पहले हफ्ते में तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
गोरखपुर में बारिश से मिली गर्मी से राहत:कल हल्की बारिश की संभावना, 15 मई तक मिला-जुला रहेगा मौसम
Leave a comment