![]()
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। यह हादसा दमदम गांव के पास बिछुरा-दमदम बॉर्डर पर हुआ। मृतका की पहचान दमदम गांव निवासी सूर्यपाल बिंद की पुत्री रोशनी बिंद (13) के रूप में हुई है। वह अपनी सहेलियों दिव्या बिंद और करिश्मा बिंद के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी। रोशनी ने हाल ही में कक्षा 8 पास की थी और कक्षा 9 में प्रवेश की तैयारी कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईंट लदे ट्रैक्टर का चालक संदिग्ध तरीके से वाहन चला रहा था। आरोप है कि वह बार-बार ट्रैक्टर को आगे-पीछे कर छात्राओं को परेशान कर रहा था। इसी दौरान उसने ट्रॉली पीछे की, जिससे रोशनी की साइकिल टकरा गई और वह गिर पड़ी। इसके बाद ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। रोशनी चार बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं और दो दिन पहले ही काम पर गए थे। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उनका आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हत्या है और आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बढ़ते तनाव को देखते हुए तीन थानों की अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
प्रतापगढ़ में स्कूल जा रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला:परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम की, आरोपी चालक फरार
Leave a comment