![]()
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को दोआबा क्षेत्र के औद्योगिक और खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की है। फगवाड़ा में ‘शुक्राना यात्रा’ के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि क्षेत्र की पहचान रही विश्व प्रसिद्ध फगवाड़ा जेसीटी (JCT) मिल को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक पंजाबी उद्यमी ने मिल की संपत्तियां खरीद ली हैं, जिससे न केवल क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर भी पैदा होंगे। मजदूरों का हक और फुटबॉल टीम की बहाली पहली प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मिल के संचालन से पहले मजदूरों के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने सरकार की ओर से सख्त निर्देश दिए हैं कि मिल का काम शुरू होने से पहले प्रत्येक मजदूर का बकाया वेतन और उनके सभी हक पूरी तरह से चुकाए जाएं। इसके साथ ही, खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर देते हुए उन्होंने कहा कि जेसीटी फुटबॉल टीम को भी दोबारा जीवित किया जाएगा। सीएम ने विश्वास जताया कि इससे पंजाब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा। धोखाधड़ी करने वाले मिल मालिकों पर शिकंजा, किसानों को मिलेगा पैसा गन्ना किसानों और मजदूरों के बकाए भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि जो मालिक किसानों का बकाया चुकाए बिना विदेश भाग गए हैं, सरकार ने उनकी संपत्तियां जब्त कर ली हैं। इन संपत्तियों की नीलामी कर सबसे पहले किसानों का पाई-पाई का हिसाब चुकता किया जाएगा। मान ने कहा कि सरकार के पास हर किसान और बकाए का पूरा रिकॉर्ड मौजूद है और किसी भी पूंजीपति को किसानों के साथ धोखाधड़ी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विभाजन की राजनीति पर प्रहार और बेअदबी पर सख्त कानून इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने सबसे सख्त कानून पारित किया है, जिससे कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने भाजपा पर डर और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने पंजाबियों से अपील की कि वे ऐसी नफरत भरी राजनीति को नकारें और पंजाब के विकास व भाईचारे को मजबूत करने के लिए सरकार का साथ दें। एक नजर शुक्राना रैली की फोटोज पर
फगवाड़ा की जेसीटी मिल दोबारा शुरू करने की घोषणा:सीएम मान ने कहा-दोआबा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
Leave a comment