मेरठ में तेज रफ्तार कार ने छात्राओं को टक्कर मारी:हादसे में छह घायल, दो की हालत गंभीर; कार को छोड़कर ड्राइवर अस्पताल से फरार

Actionpunjab
2 Min Read




मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही छात्राओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में छह बच्चे घायल हो गए, जिनमें से दो छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना कमालपुर रोड पर हुई, जहां सुबह के समय कई बच्चे स्कूल जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे कई फीट दूर जा गिरे। घायलों में कमालपुर निवासी इंटर की छात्रा सोनिया और दतावली निवासी नीलम गंभीर रूप से घायल हुई हैं। इनके अलावा अंशु, अंजली, ऋषिका और बुलबुल को भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक कुछ देर तक मौके पर रुका। उसने घायल बच्चों को अपनी कार में बैठाकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चालक अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल में खड़ी कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *