मुरादाबाद में शादी समारोह के दौरान गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना देने के बजाए युवक को जख्मी युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। युवक के पिता का आरोप है कि अस्पताल में गलत ट्रीटमेंट की वजह से उसके बेटे की जान गई, वरना गोली पैर में लगी थी और जख्म ऐसा नहीं था कि जान चली जाए।
घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर तिगरी की है। गांव में इकरार पुत्र अबरार की शादी थी। इस शादी समारोह में शामिल होने के लिए इकरार का दोस्त अरबाज (22 साल) पुत्र अकरम निवासी गांगन वाली मैनाठेर थाना मझोला अपने साथी मोनिस और 6-7 लड़कों के साथ रुस्तमपुर तिगरी आया था। बुधवार को बारात नई बस्ती ठाकुरद्वारा में गई थी। यहां रहने वाले शकील की बेटी का निकाह इकरार के साथ हुआ। निकाह होने के बाद बारात वापस रुस्तमपुर तिगरी पहुंची। यहां मेहमानों के रुकने और खाने का बंदोबस्त गांव में ही किया गया था। अरबाज और उसके दोस्तों को एक कमरा दिया गया था। इंस्पेक्टर भोजपुर संजय कुमार का कहना है कि पार्टी चल रही थी और लोग खाना पीना कर रहे थे। इसी दौरान युवकों में से किसी की अंटी में रखे तमंचे का ट्रिगर दब गया। जिससे गोली चली और गोली सीधे अरबाज को लगी।
भोजपुर इंस्पेक्टर का कहना है कि गोली अरबाज को पैर में घुटने से ऊपर लगी है। लेकिन किसी ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी और घायल अरबाज को रात में ही फोटोन अस्पताल में ले जाकर भर्ती करा दिया। अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो अरबाज होश में था और बातें कर रहा था। पुलिस बयान लेकर वापस आ गई।
लेकिन कुछ घंटे बाद ही इलाज के दौरान अरबाज ने दम तोड़ दिया। उसके पिता अकरम का आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सकों के गलत इलाज की वजह से ऐसा हुआ है।
मुरादाबाद में युवक की गोली लगने से मौत:शादी समारोह में तमंचे से चली गोली, गुपचुप अस्पताल लेकर पहुंची फैमिली
Leave a comment