सीतापुर में मिड-डे मील की तहरी में मिले कीड़े:प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, BSA-SDM की जांच रिपोर्ट में मिली लापरवाही

Actionpunjab
2 Min Read




सीतापुर के लहरपुर विकासखंड स्थित कंपोजिट विद्यालय तारनपुर में मिड-डे मील में कीड़े मिलने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और जांच में लापरवाही की पुष्टि के बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत बच्चों को तहरी परोसी गई थी। आरोप है कि तहरी में डाली गई सोयाबीन की बरी में कीड़े पाए गए। भोजन की खराब गुणवत्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा। बच्चों ने कहा- खाना अक्सर खराब मिलता है जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी लहरपुर और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को विद्यालय पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कई छात्र-छात्राओं ने भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। बच्चों ने बताया कि विद्यालय में मिलने वाला भोजन अक्सर खराब गुणवत्ता का होता है। संयुक्त जांच समिति ने मामले को गंभीर मानते हुए इसे मध्यान्ह भोजन योजना में घोर लापरवाही माना। जांच रिपोर्ट में कंपोजिट विद्यालय तारनपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक नसरुल्ला खां को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के तहत निलंबन आदेश जारी कर दिया। आदेश में कहा गया कि यह कृत्य निःशुल्क एवं बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम और विभागीय निर्देशों का उल्लंघन है। निलंबन अवधि के दौरान नसरुल्ला खां को विकासखंड परसेंडी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिलेरिया से संबद्ध किया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *