जगराओं में फाइनेंस कंपनी कर्मी से 70 हजार ठगे:दो युवकों ने बातों में उलझाया, बैग से रुपए निकाल डाले कागज, दो माह बाद FIR

Actionpunjab
3 Min Read




लुधियाना जिले के जगराओं में बैंक के बाहर एक फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर से 70 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बातों में उलझाकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच पूरी कर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गुलशन अरोड़ा निवासी हमीदी, जिला मालेरकोटला, वर्तमान निवासी स्टार रोड, गुरुद्वारा रेडू साहिब, गांव लुहारा, लुधियाना और गगनदीप सिंह उर्फ गगन निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। बस स्टैंड चौकी के पुलिस अधिकारी आत्मा सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। बैंक में रुपए जमा कराने पहुंचा था युवक पुलिस को दिए बयान में पीड़ित युवक बलजीत सिंह निवासी फाजिल्का ने बताया कि वह फाइनेंस कंपनी, जगराओं में फील्ड अफसर के तौर पर कार्यरत है। 9 मार्च 2026 को वह गांवों से कैश कलेक्शन करने के बाद दोपहर करीब 2 बजे पंजाब नेशनल बैंक, जगराओं में 70 हजार रुपए जमा करवाने पहुंचा था। पीड़ित के अनुसार, बैंक के अंदर एक युवक ने उससे कैश जमा करवाने वाले वाउचर के बारे में पूछा, जबकि दूसरे युवक ने उसका आई-कार्ड देखकर लोन संबंधी जानकारी लेनी शुरू कर दी। इसी दौरान लंच टाइम होने के कारण बैंक का कैश काउंटर बंद हो गया और पीड़ित बाहर आ गया। दोनों युवक भी उसके पीछे बाहर आ गए और उसे लगातार बातों में उलझाए रखा। बैग से गायब मिले रुपए कुछ देर बाद जब पीड़ित दोबारा कैश जमा करवाने लगा, तो उसने पाया कि उसकी किट में रखे 70 हजार रुपए गायब थे। नकदी की जगह रुमाल में बंधे नोटों के आकार के कागज पड़े मिले। इसके बाद उसे शक हुआ कि दोनों युवकों ने चालाकी से उसकी किट से नकदी निकाल ली है। पुलिस ने लगभग दाे महीने की जांच के बाद दोनों आरोपियों की पहचान की और उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *