![]()
उत्तर प्रदेश सरकार ने हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने और पारंपरिक बुनकरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के लिए संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना शुरू की है। इस योजना के तहत मऊ, आजमगढ़, बलिया और गाजीपुर जनपदों के उत्कृष्ट हथकरघा बुनकरों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें नगद पुरस्कार, शील्ड, प्रमाण-पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी सहायक आयुक्त उद्योग हथकरघा अरविंद कुमार सिंह ने दी। सहायक आयुक्त अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि परिक्षेत्रीय स्तर पर चयनित बुनकरों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 15 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इन विजेताओं को शील्ड, प्रमाण-पत्र और अंगवस्त्र भी प्रदान किए जाएंगे। परिक्षेत्र स्तर पर चयनित बुनकरों को राज्य स्तर पर भी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस योजना के लिए व्यक्तिगत बुनकर, हथकरघा सहकारी समिति के सदस्य और स्वयं सहायता समूह से जुड़े बुनकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ हथकरघा पर तैयार किए गए उत्कृष्ट एवं कलात्मक वस्त्रों के नमूने जमा करना अनिवार्य होगा। नमूनों के साथ वार्प, वेफ्ट, रंग, डिजाइन और तकनीकी विवरण भी देना होगा। इच्छुक बुनकर अपने आवेदन और सैम्पल सहायक आयुक्त उद्योग हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग कार्यालय, निजामुद्दीनपुरा मऊ में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 15 जून 2026 तक जमा कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा।
संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना शुरू:उत्कृष्ट बुनकरों को मिलेगा 1 लाख तक का पुरस्कार, 15 जून तक करें आवेदन
Leave a comment