![]()
हनुमानगढ़ में सिंचाई पानी की किल्लत और जर्जर 602 खाला के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। प्रशासनिक कार्रवाई न होने से नाराज तीन किसान रविवार शाम गांव कुलचंद्र स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। जानकारी के अनुसार, किसान अभिमन्यु झोरड़, रामकुमार भोभिया और दिनेश कुमार सहारण शाम करीब पांच बजे टंकी पर चढ़े। उनका आरोप है कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। सूचना मिलते ही टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, देर शाम तक किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसानों का आरोप है कि 602 खाला पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसके कारण टेल क्षेत्र तक सिंचाई पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे फसलें खराब हो रही हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि 27 अप्रैल को हुई महापंचायत में प्रशासनिक अधिकारियों ने 5 मई तक खाले को नकारा घोषित करने और 11 मई से पुनर्निर्माण कार्य शुरू करवाने का लिखित आश्वासन दिया था। तय समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से किसानों में भारी नाराजगी है। आंदोलन को समर्थन जुटाने के लिए किसान संघर्ष समिति ने रविवार को गांव-गांव जनसंपर्क अभियान भी चलाया। समिति ने सोमवार 11 मई को कुलचंद्र में आयोजित दूसरी विशाल किसान महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों से पहुंचने की अपील की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
पानी की टंकी पर चढ़े 3 किसान:हनुमानगढ़ में 602 खाला पुनर्निर्माण मांग पर 28वें दिन आंदोलन तेज, प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप
Leave a comment