![]()
एटा के मुख्यालय स्थित ग्रीन गार्डन में भारतीय वैश्य महासभा के तत्वावधान में युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वैश्य समाज के 475 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया। कार्यक्रम के दौरान युवक-युवतियों और उनके परिवारों ने एक-दूसरे से परिचय कर शिक्षा, व्यवसाय और भविष्य को लेकर चर्चा की। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य वैश्य समाज के युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे आपसी समझ और सहमति के आधार पर वैवाहिक संबंध तय कर सकें। एटा में वैश्य समाज के संगठन के बैनर तले इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश ने कहा कि वैश्य समाज की विभिन्न जातियों के बीच वैवाहिक संबंध बढ़ने से समाज में एकता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित कर उचित राजनीतिक भागीदारी की मांग भी की जा रही है। रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज किसी एक राजनीतिक दल का बंधुआ नहीं बनना चाहता। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से जनसंख्या और वोट प्रतिशत के आधार पर वैश्य समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की। इस दौरान कार्यक्रम में संयोजक राकेश वार्ष्णेय, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, वीरेंद्र वार्ष्णेय, आलोक वार्ष्णेय, जितेंद्र प्रकाश जैन, अरुण राठी, विशाल अग्रवाल और राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।
वैश्य महासभा ने आयोजित किया वैवाहिक परिचय सम्मेलन:एटा में 475 युवक-युवतियों ने कराया पंजीकरण, समाज में एकता मजबूती देने का उद्देश्य
Leave a comment