![]()
सवाई माधोपुर में अब गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जिले में लगातार चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय तेज लू चलने से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सोमवार को सवाई माधोपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार सुबह से ही धूप में तेजी दिखाई दी। आगामी दिनों में तापमान में होगी बढ़ोतरी मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए जिले में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्म हवाओं का असर और तेज हो सकता है। प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी तेज गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने, अधिक मात्रा में पानी पीने और सिर को ढककर रखने की अपील की है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। गर्मी बढ़ने के साथ ही बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही कम होने लगी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और हीट वेव के दौरान आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। हाल ही में जिले में हुई थी ओलावृष्टि सवाई माधोपुर में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। यहां कभी तेज धूप तो कभी बारिश देखने को मिल रही है। पिछले शुक्रवार को यहां तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। वहीं चौथ का बरवाड़ा उपखंड में ओलावृष्टि देखने को मिली थी।
सवाई माधोपुर में दो दिन हीट वेव का अलर्ट:तेज धूप और लू से लोगों के हाल-बेहाल, अधिकतम तापमान 40 पर पहुंचा
Leave a comment