- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने अगले CBI डायरेक्टर का फैसला करने के लिए PM की अगुवाई वाली पैनल मीटिंग के दौरान असहमति जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री को असहमति पत्र लिखा है।
राहुल ने कहा- मैं पक्षपातपूर्ण काम में हिस्सा लेकर अपनी संवैधानिक ड्यूटी से पीछे नहीं हट सकता। LoP रबर स्टैम्प नहीं हैं। उन्होंने अपने असहमति नोट में सरकार पर राजनीतिक विरोधियों, पत्रकारों, आलोचकों को टारगेट करने के लिए CBI का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
राहुल ने PM से कहा- संस्थागत कब्जे को रोकने के लिए मुझे सिलेक्शन प्रोसेस में शामिल किया गया। अफसोस की बात है कि आप मुझे कोई भी सार्थक भूमिका देने से लगातार मना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा- 69 उम्मीदवारों की जानकारी जानबूझकर न देना CBI डायरेक्टर के सिलेक्शन प्रोसेस का मजाक बनाता है। इसे सिर्फ एक फॉर्मेलिटी बना दिया गया। इस पक्षपातपूर्ण काम में हिस्सा लेकर अपनी संवैधानिक ड्यूटी से पीछे नहीं हट सकता। लेकिन मैं कड़े शब्दों में अपनी असहमति जताता हूं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी घुसपैठ नाकाम, लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी ढेर; शव बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक आतंकवादी को मार गिराया है। मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें शव बरामद कर लिया गया।
जैकलीन फर्नांडिस ने सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में सरकारी गवाह बनने की अर्जी वापस ली

बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े ₹200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की अपनी अर्जी वापस ले ली है।
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अदालत में उनकी याचिका का विरोध किया था। एजेंसी का कहना था कि जांच के दौरान जैकलीन का सहयोग संतोषजनक नहीं रहा और उनका आचरण भी वैसा नहीं था, जिसकी उम्मीद की गई थी।
ED की आपत्ति के बाद जैकलीन फर्नांडिस ने अप्रूवर बनने की मांग वापस ले ली। सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े ₹200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED पहले भी कई बार जैकलीन से पूछताछ कर चुकी है। एजेंसी का आरोप है कि उन्हें सुकेश से महंगे गिफ्ट और आर्थिक लाभ मिले थे।
राज्यों में घूम-घूमकर मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का सरगना दिल्ली में गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों में मंदिरों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 44 साल के मोहित शर्मा उर्फ मामा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पंजाब, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में मंदिरों से चांदी की मूर्तियां, दान पेटियां और धार्मिक आभूषण चोरी करता था। पंजाब की एक अदालत ने उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर रखा था।
जांच में सामने आया कि मोहित शर्मा हर चोरी के बाद अपना ठिकाना बदल लेता था और स्थानीय लोगों से कम संपर्क रखता था, ताकि पुलिस से बच सके। वह सुनसान और कम सुरक्षा वाले मंदिरों की पहले रेकी करता था, फिर देर रात या सुबह-सुबह चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
क्राइम ब्रांच को दिल्ली में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार को पटियाला हाउस कोर्ट के पास उसे पकड़ा गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पंजाब के खन्ना में दर्ज 2024 के मंदिर चोरी केस में वांटेड था। उसके खिलाफ केरल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में नशा तस्कर की 2 अवैध दुकानें तोड़ी गईं

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर सरकारी जमीन पर बनी दो अवैध दुकानें गिरा दीं।
ये दुकानें नशा तस्करी के कई मामलों में आरोपी जहूर अहमद शेख की थीं। उस पर NDPS एक्ट के तहत कई FIR दर्ज हैं और पत्थरबाजी के 5 मामलों में भी उसका नाम है।SSP कुलगाम ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
दिल्ली उपराज्यपाल ने एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स थाने को मंजूरी दी, जब्त 1700 किलो नशीले पदार्थ नष्ट किए

दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को करीब 1700 किलो जब्त नशीले पदार्थ नष्ट किए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 72 करोड़ रुपये है।
इस मौके पर LG ने दिल्ली के पहले समर्पित एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाने की स्थापना को भी मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि 2027 तक दिल्ली को नशामुक्त बनाने के लिए यह एक अहम कदम है।
उधमपुर में सेना वर्दी की बिक्री पर रोक, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

जम्मू कश्मीर के उधमपुर में जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिले में सेना की नई यूनिफॉर्म की बिना अनुमति बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी। यह फैसला यूनिफॉर्म के गलत इस्तेमाल और सेना के जवान बनकर लोगों को धोखा देने की घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, नई यूनिफॉर्म के गलत इस्तेमाल की शिकायतें सामने आई थीं। आशंका है कि असामाजिक तत्व इसका उपयोग सेना के जवानों की पहचान बनाकर गलत कामों में कर सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है और इसे सख्ती से रोकना जरूरी है। जिला मजिस्ट्रेट मिंगा शेरपा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि उधमपुर में सेना की बड़ी संख्या में मौजूदगी और नार्थ कमांड हेडक्वॉर्टर सहित कई रक्षा संस्थान स्थित हैं, इसलिए मामला सेंसटिव है।
महाराष्ट्र के ठाणे में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव

महाराष्ट्र के ठाणे में 23 साल के प्रवीण वानखेड़े नाम के युवक का शव सोमवार सुबह शिवाई नगर इलाके में पेड़ से लटका मिला। ठाणे के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि घटना की जानकारी सुबह 8.42 बजे मिली थी।
चेन्नई एयरपोर्ट पर अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट के विंग्स में लगी आग, 280 यात्री सवार थे

चेन्नई एयरपोर्ट पर अबू धाबी जाने वाली एक फ्लाइट के बाएं विंग आग लग गई। इसके बाद इसकी यात्रा रोक दी गई। एतिहाद की यह फ्लाइट सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, तभी पायलटों ने आग देख ली।
अधिकारियों ने आगे बताया कि इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया और किसी को कोई चोट नहीं आई। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझा दी और फ़्लाइट रद्द कर दी गई। इस मामले पर टिप्पणी के लिए एतिहाद एयरवेज़ से संपर्क नहीं हो सका।
CM विजय ने राज्यभर में स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थलों के पास शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थलों और बस स्टैंड के पास स्थित शराब की 717 दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। ये दुकानें तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (TASMAC) की हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने पद संभालने के बाद TASMAC दुकानों का सर्वे कराने का आदेश दिया था। इसके बाद सरकार ने धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंड से 500 मीटर के दायरे में आने वाली 717 शराब दुकानों को दो हफ्ते के भीतर बंद करने का फैसला लिया।
तमिलनाडु सरकार में मंत्री और TVK नेता सेल्वी एस कीर्तन ने कहा कि यह फैसला महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप है। उन्होंने कहा, “महिलाएं यही चाहती थीं। सरकार बनने के दूसरे ही दिन इसे लागू कर दिया गया। महिलाएं इस घोषणा का जश्न मना रही हैं।”
गुजरात की साबरमती जेल से कैदी फरार, हत्या और पॉक्सो के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहा था

गुजरात की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली साबरमती केंद्रीय जेल से एक कैदी फरार हो गया। कुख्यात कैदी रमाभाई परमार हत्या और पॉक्सो के आरोप में आजीवन कैद की सजा भुगत रहा था।
साबरमती केंद्रीय जेल में जेलर देवदत्तसिंह गोहिल ने शिकायत दर्ज कराई है कि जेल के बड़ा चक्कर यार्ड नंबर 4 में कुल 33 कैदी रखे गए थे। जब गिनती में केवल 32 कैदी पाए गए, तो पता चला कि रमाभाई परमार लापता है।
जेल और आसपास तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें परमार को जेल कर्मचारियों को चकमा देते हुए बड़ा चक्कर यार्ड से मेन गेट से बाहर निकलते देखा गया।
श्रीनगर में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार, पिस्टल, 21 कारतूस और लश्कर के पोस्टर बरामद

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान आतंकियों के दो संदिग्ध मददगारों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के पोस्टर बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई बाबा डेम इलाके में की गई, जहां पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका था।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन मैगजीन, 21 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और लशकर के 10 पोस्टर मिले हैं। आरोपियों की पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फैसल अहमद भट मलपोरा हब्बा कदल का रहने वाला है, जबकि फैसल अहमद गुरू राजौरी कदल का निवासी है।
अनंतनाग में मस्जिद-कम-दारुल उलूम में आग, 15 साल के छात्र की मौत; 3 घायल

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सोमवार देर रात मस्जिद-कम-दारुल उलूम में आग लगने से 15 साल के छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र घायल हो गए। हादसा मट्टन चौक स्थित दरुल उलूम बाबा हैदर रेशी में हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक, देर रात अचानक आग लगने से इमारत का बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और छात्रों की मदद से काफी देर बाद आग पर काबू पाया गया।
हादसे में चार छात्र झुलस गए थे, जिन्हें इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने बिलाल अहमद कुमार को मृत घोषित कर दिया। वह वर्डवान इलाके का रहने वाला था। बाकी तीन छात्रों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
महिला समृद्धि योजना: दिल्ली में 1 जून से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन पोर्टल

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘महिला समृद्धि योजना’ लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के समय किए वादे को पूरा करते हुए सरकार आगामी 1 जून को योजना का आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल लॉन्च करेगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपए का आवंटन किया है।
पीएम मोदी 15 मई से 5 देशों के दौरे पर, 4 यूरोपीय देश जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई यानी गुरुवार से छह दिन के दौरे पर यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, रक्षा, ग्रीन टेक्नोलॉजी और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। वे सबसे पहले यूएई जाएंगे, जहां राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलेंगे। इसके बाद नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करेंगे। नॉर्वे में वे 18-19 मई को तीसरे भारत-नॉर्डिक समिट में शामिल होंगे।
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर नियम सख्त, निर्माण स्थलों पर 100 GSM ग्रीन नेट लगाना अनिवार्य

दिल्ली सरकार ने प्रदूषण और उड़ती धूल को नियंत्रित करने के लिए निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) स्थलों पर नियम और सख्त कर दिए हैं। अब सभी निर्माण स्थलों पर कम से कम 100 GSM क्षमता वाली ग्रीन नेट लगाना अनिवार्य होगा।
सरकार की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक निर्माण स्थलों को चारों तरफ से ग्रीन नेट से ढंकना जरूरी होगा, ताकि धूल आसपास के इलाकों में न फैले। दिल्ली सरकार का कहना है कि निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल राजधानी में प्रदूषण बढ़ाने की बड़ी वजह है।
इसी को ध्यान में रखते हुए नए मानकों को लागू किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले निर्माण स्थलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। दिल्ली में पहले से निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव, मलबा ढंककर ले जाना और एंटी-स्मॉग गन जैसी व्यवस्थाएं लागू हैं।
