दिलजीत के मैनेजर के फार्म हाउस पर फायरिंग की अफवाह:पुलिस में मचा हड़कंप,सायरन बजाती पहुंची कई गाड़ियां, एक घंटे जांच के बाद निकली झूठी सूचना

Actionpunjab
3 Min Read




करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात 11 बजे सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरु प्रताप सिंह कांग के फार्म हाउस पर फायरिंग की अफवाह फैलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की कई गाड़ियां सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंचीं, लेकिन जांच के दौरान ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई। करीब एक घंटे तक छानबीन के बाद पुलिस टीम लौट गई। गोंदर-डाचर रोड पर मिली सूचना
मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गोंदर-डाचर रोड पर स्थित गुरु प्रताप सिंह कांग के फार्म हाउस पर फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया। सायरन बजाती पुलिस को देखकर इलाके में हलचल मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर नहीं मिला कोई सबूत
पुलिस जब फार्म हाउस पर पहुंची तो वहां मौजूद लोग पुलिस को देखकर हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि यहां किसी भी तरह की कोई फायरिंग नहीं हुई है और सभी लोग अपने-अपने घरों में सोए हुए थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की और आसपास का निरीक्षण किया, लेकिन फायरिंग से जुड़ा कोई भी सबूत नहीं मिला। आसपास के गांवों में भी मची हलचल
पुलिस के पहुंचने की खबर तेजी से फैल गई, जिसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर जुटने लगे। हर कोई जानना चाहता था कि आखिर इतनी पुलिस अचानक यहां क्यों पहुंची। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। पूर्व सरपंच जोगा सिंह ने किया खंडन
पूर्व सरपंच जोगा सिंह ने भी फायरिंग की खबर को पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा कि फार्म हाउस पर सभी लोग गेट बंद करके सो रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गेट खुलवाया और पूरी जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। सोशल मीडिया पर फैली गैंग की चर्चा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा फैल गई कि फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। हालांकि इस तरह की किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसे अफवाह ही माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *