11 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा में पहुंचे:केदारनाथ में वीआईपी दर्शन पर विवाद, आम श्रद्धालु घंटों लाइन में परेशान

Actionpunjab
3 Min Read




केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम, यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चारधाम यात्रा लगातार रफ्तार पकड़ रही है और सभी धामों में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। यात्रा से जुड़े ताजा आंकड़ों के अनुसार, केदारनाथ धाम में अब तक 4 लाख 65 हजार 751 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मंगलवार को 17,061 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। वहीं बद्रीनाथ धाम की यात्रा भी सकुशल जारी है। इधर यमुनोत्री धाम में अब तक 1 लाख 81 हजार 353 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मंगलवार को यहां 12,502 यात्रियों ने दर्शन किए। वहीं गंगोत्री धाम में कुल यात्रियों की संख्या 1 लाख 79 हजार 422 पहुंच गई है और मंगलवार को 12,484 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। वीआईपी दर्शन को विवाद चारधाम यात्रा के आंकड़ों को जोड़ें तो अब तक कुल 11 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हुए हैं। हालांकि, बढ़ती भीड़ के चलते कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार भी करना पड़ रहा है। इसी बीच केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन को लेकर विवाद भी लगातार बढ़ता जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध धाम के कपाट खुलने से पहले बद्री-केदार मंदिर समिति ने वीआईपी दर्शन बंद करने का दावा किया था, लेकिन यात्रा शुरू होने के बाद स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। मंदिर के वीआईपी गेट के बाहर दर्शन के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जो कई बार तीन-तीन लाइनों में बदल जाती हैं। आम श्रद्धालुओं को, विशेषकर बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को, घंटों तक बर्फ, बारिश और ठंड में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। 2500 रुपए देकर हो रहे जल्दी दर्शन एक ओर आम श्रद्धालु घंटों इंतजार कर रहे हैं, वहीं वीआईपी यात्रियों को धाम पहुंचते ही अलग लाइन से दर्शन मिल रहे हैं। मंदिर समिति के अधिकारियों ने कपाट खुलने के बाद दावा किया था कि केवल विशेष प्रोटोकॉल वाले व्यक्तियों को ही वीआईपी दर्शन की अनुमति होगी। हालांकि, वर्तमान स्थिति इसके विपरीत है, जहां 2500 रुपए की पर्ची कटवाकर भी शीघ्र दर्शन किए जा सकते हैं। पिछले दिनों केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों और कुछ यात्रियों ने भी वीआईपी दर्शन बंद करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद वीआईपी दर्शन की व्यवस्था अभी भी जारी है। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि यात्रा सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर यात्रा को लेकर कई भ्रामक वीडियो भी प्रसारित किए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *