![]()
देशव्यापी NEET-2026 परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर आउट मामले को लेकर देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हनुमान चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने इस मौके पर कहा- केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है। हमारी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें और संबंधित एग्जाम एजेंसी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कार्यालय से हनुमान चौराहे तक आक्रोश मार्च बुधवार सुबह 12 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्थानीय कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुए। यहाँ से जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की अगुवाई में एक आक्रोश रैली निकाली गई। हाथों में केंद्र सरकार के विरोध की पट्टियां और शिक्षा मंत्री का पुतला लिए कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्गों से होकर हनुमान चौराहे पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एजेंसी भंग करने की मांग हनुमान चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने केंद्र सरकार और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा: “NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ भद्दा मजाक है। केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है। हमारी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें और संबंधित एग्जाम एजेंसी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।” दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी इस विरोध प्रदर्शन में जैसलमेर कांग्रेस के तमाम धड़े एकजुट नजर आए। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के पदाधिकारी, पूर्व जिला प्रमुख, पूर्व प्रधान, विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी तथा अग्रिम संगठनों (युवा कांग्रेस, NSUI, महिला कांग्रेस) के अध्यक्ष व समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। छात्रों के हक में लड़ाई जारी रखने का संकल्प जिलाध्यक्ष फ़कीर ने कहा कि पेपर लीक मामले ने देश के शिक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर सवालिया निशान लगा दिया है। कांग्रेस पार्टी इसे केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का बड़ा खेल मानती है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता और परीक्षा की पवित्रता बहाल नहीं होती, तब तक कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष जारी रखेगी।
NEET पेपर लीक में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा:जैसलमेर में कांग्रेस का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका
Leave a comment