भाीषण गर्मी में जाम में तप रहे वाहन चालक:MG-रोड पर लगी वाहनों की लाइन, मैट्रो बैरिकेडिंग से सकरी हुई सड़क बन रही वजह

Actionpunjab
2 Min Read




आगरा शहर में भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। बुधवार को एमजी रोड पर सूरसदन चौराहे से हरीपर्वत तक करीब 6 किलोमीटर लंबे हिस्से में दिनभर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। तपती धूप और गर्म हवाओं के बीच सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ी। हेलमेट पहने बाइक और स्कूटी सवार पसीने से तर-बतर नजर आए, जबकि कई लोग धूप से बचने के लिए सड़क किनारे रुकते दिखाई दिए। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते सड़क पर लगी बैरिकेडिंग जाम की बड़ी वजह बनी हुई है। सड़क संकरी होने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ते ही वाहन रेंगने लगते हैं। चार पहिया वाहनों की लंबी लाइनें ट्रैफिक सिग्नल तक लगी रहीं। हालात ऐसे रहे कि कई वाहन एक बार में चौराहा पार नहीं कर सके और उन्हें दो से तीन बार ग्रीन सिग्नल का इंतजार करना पड़ा। सूरसदन, हरीपर्वत, संजय प्लेस और भगवान टॉकीज चौराहे पर जाम के कारण लोग घंटों परेशान रहे। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल वाहन और बाजार पहुंचे लोग धीमी रफ्तार ट्रैफिक में फंसे नजर आए। दोपहर के समय सड़क पर गर्म हवा और वाहनों के धुएं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। हालांकि ट्रैफिक पुलिस चौराहों पर व्यवस्था संभालती दिखी, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक दबाव के आगे इंतजाम नाकाफी साबित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेट्रो कार्य पूरा होने तक यदि ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *