![]()
पंचकूला जिले के रायपुररानी क्षेत्र में वकील और उसके बेटे के अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार सुबह की बताई गई है। शिकायतकर्ता शाहीन हसन निवासी गांव गढ़ी कटाहा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह अपनी होंडा सिटी कार से जा रहा था, जबकि उससे आगे दूसरी कार में उसके पिता हमीद हसन और भाई मोहिन हसन सवार थे। जब दोनों गाड़ियां रायपुररानी बस स्टैंड से आगे निकलीं तो कैलाश वाले मंदिर के पास एक सफेद डिजायर और “सरपंच” लिखी फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने पहले उनकी कार को आगे और पीछे से टक्कर मारकर घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए और हमीद हसन और मोहिन हसन के साथ मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने लैपटॉप और केस से जुड़ी फाइलें भी जबरन निकाल लीं। ये लगाया आरोप पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद हमीद हसन और मोहिन हसन को जबरन गाड़ियों में डालकर ले जाया गया। शिकायतकर्ता शाहीन हसन ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे भी धमकाया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसके अनुसार मौके पर मौजूद उसके मुंशी ने भी घटना देखी और आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे भी धमकी दी गई। हिंदु-मुस्लिम कपल है मामले की वजह पुलिस के अनुसार पंचकूला जिले में हिंदु-मुस्लिम युवक-युवती घर से भाग गए थे। उनके परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। लड़की के परिजनों को पता लगा कि एक वकील ने दोनों की सुरक्षा के लिए याचिका लगाई है। जिस पर परिजनों ने वकील और उसके पिता का अपहरण कर लिया। बाद में युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया, जिसने कोर्ट में बयान दिया कि उसे जान का खतरा है, जिस पर उसे नारी निकेतन भेज दिया गया। वहीं वकील पिता-पुत्र को भी पुलिस ने बरामद कर अस्पताल में मेडिकल करवाया है। बरामद कर दर्ज कर लिया है मामला : DCP डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रायपुररानी थाना में BNS की धाराओं 115(2), 126(2), 140(3), 324(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। केस की जांच हेड कांस्टेबल राजीव कुमार को सौंपी गई है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमी जोड़े की सुरक्षा मांगने वकील पिता-पुत्र का अपहरण:लड़की पक्ष ने गाड़ी घेरकर रोका-फिर पीटा, "सरपंच” लिखी फॉर्च्यूनर में आए
Leave a comment