![]()
हरदोई में चचेरी बहन की शादी के दिन एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका भांजा भी जख्मी हुआ। घटना टड़ियावां थाना क्षेत्र के लिलवल में हुई। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात टड़ियावां थाना क्षेत्र के सड़िला गांव निवासी विपिन की बेटी की बारात आई हुई थी। इसी दौरान विपिन का 16 वर्षीय भतीजा दीपक (पुत्र स्व. विनोद) अपने 15 वर्षीय भांजे ललित (निवासी रामपुर कोड़ा) के साथ कुछ सामान खरीदने के लिए निकला था। दोनों पैदल चलते हुए लिलवल पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया, जबकि ललित के हाथ में चोट लगी। ललित ने तुरंत अपने बड़े मामा और दीपक के बड़े भाई मोनू को घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मोनू और अन्य रिश्तेदार आनन-फानन में दोनों को सीएचसी टड़ियावां ले गए, जहां डॉक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। दीपक दो भाइयों में छोटा था और उसकी चार बहनों में से एक की शादी हो चुकी है। दीपक की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां पूजा और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए लिलवल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बहन की शादी केदिन भाई की सड़क हादसे में मौत:तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, भांजा घायल; शादी का सामान खरीदने निकले थे
Leave a comment