![]()
जालंधर के कबीर नगर (गली नंबर 6) में दो पड़ोसी परिवारों के बीच चल रही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोलियां चलाने और घर के बाहर खड़ी गाड़ी (PB08 BT 5087) को बुरी तरह चकनाचूर करने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी-1 और एसीपी नॉर्थ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल फायरिंग के दावों की जांच कर रही है और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हमलावरों ने घर के बाहर चलाई गोलियां
स्थानीय निवासियों के अनुसार, गली नंबर 6 में रहने वाले दो पक्षों के बीच 13 मई को भी विवाद हुआ था, लेकिन फिर कल स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं, जिसके निशान दीवारों पर साफ देखे जा सकते हैं।
घर के बाहर खड़ी कार को भी तोड़ा
पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह हमला सोची-समझी साजिश के तहत किया गया है। हमलावरों ने न केवल गोलियां चलाईं, बल्कि घर के बाहर खड़ी कार पर भी हमला कर दिया। कार के शीशे और बॉडी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दी गई है। पीड़ित परिवार ने यह भी दावा किया कि उनके पास एक वीडियो मौजूद है जिसमें एक लड़की को गाड़ी तोड़ते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी सिटी-1 आकर्षि जैन तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। एडीसीपी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि रेशम लाल नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन पर हमला हुआ है। पुलिस को मौके से विवाद के सबूत मिले हैं, लेकिन फायरिंग की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है और जिस पक्ष पर हमले का आरोप है, उस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और यह स्पष्ट हो सके कि कितने राउंड फायरिंग हुई है। फिलहाल, थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।