![]()
अमृतसर में ऑनलाइन चालान सिस्टम शुरू होने से पहले ही पुलिसकर्मियों के ट्रैफिक नियम तोड़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। शहर के मशहूर नोवेल्टी चौक पर दो पुलिसकर्मी जेब्रा क्रॉसिंग से आगे खड़े दिखाई दे रहे हैं। यह घटना तब सामने आई है जब कुछ ही घंटे पहले एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की थी। उन्होंने शहर के कई चौकों पर ‘स्टॉप’ मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग के पीछे वाहन रोकने का डेमो भी दिया था। अमृतसर में जल्द ही लगभग 1300 सीसीटीवी कैमरों की सहायता से ऑनलाइन चालान सिस्टम शुरू किया जाएगा। इस प्रणाली के तहत ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के चालान स्वचालित रूप से काटे जाएंगे। एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने सुबह बताया था कि जेब्रा लाइन या स्टॉप लाइन पार करने वाले वाहनों का भी चालान किया जाएगा। एडीसीपी कौर ने लोगों से अपील की थी कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि किसी को परेशानी न हो। हालांकि, पुलिसकर्मियों द्वारा ही नियम तोड़ने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं । इस मामले पर अभी तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सुबह नियमों का पाठ, दोपहर को खुद ही उल्लंघन:अमृतसर में ऑनलाइन चालान शुरू होने से पहले पुलिस कर्मियों ने तोड़े नियम
Leave a comment