मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई:17 कुंतल दूषित पेड़े जब्त, 2.58 लाख का माल नष्ट

Actionpunjab
2 Min Read




मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने वृंदावन में खपाने के लिए लाए जा रहे लगभग 17 कुंतल दूषित पेड़े जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में लगभग 2 लाख 58 हजार रुपये मूल्य का माल मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल ने प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान एक बुलेरो पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में 43 बोरों में लगभग 17 कुंतल पेड़ा भरा हुआ था। यह पेड़ा बेहद अस्वस्थकर परिस्थितियों में प्लास्टिक के बैगों में रखा गया था। पूछताछ में वाहन के साथ आए धौलपुर निवासी देवेन्द्र पुत्र पीतम ने बताया कि यह पेड़ा धौलपुर स्थित त्यागी इंडस्ट्रीज से तैयार होकर बड़े पैमाने पर मथुरा लाया जाता है। जांच में सामने आया कि मथुरा के छटीकरा निवासी अमरचंद द्वारा इस पेड़े की आपूर्ति वृंदावन क्षेत्र में श्री बांके बिहारी मंदिर के आसपास स्थित मिठाई दुकानों पर की जाती थी। टीम ने मौके से कुल 9 नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह, रामनरेश, मोहर सिंह कुशवाह, भरत सिंह, दलवीर सिंह और धर्मेन्द्र सिंह ने लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि शेष पेड़ा विनश्वर एवं दूषित प्रकृति का पाए जाने पर खाद्य कारोबारियों की लिखित सहमति से मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। संग्रहित सभी 9 नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *