अमृतसर में युवक की हत्या का मामला:घायल को स्कूटी पर घुमाया, शव पर बार-बार कूदे आरोपी; मुख्य हमलावर समेत-गिरफ्तार वारदात का वीडियो-वायरल

Actionpunjab
3 Min Read




अमृतसर के शरीफपुरा इलाके में मजीठा रोड निवासी कुनाल उर्फ लोटस की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश निवासी रानी बाजार शरीफपुरा, रोहन कपूर उर्फ गोलू निवासी तहसीलपुरा, सोनिया निवासी रानी बाजार शरीफपुरा और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी नंबर PB-02-DQ-8386 भी बरामद कर ली है। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर आईपीएस ने दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो इस हत्याकांड से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हमलावरों ने पहले कुनाल उर्फ लोटस पर तेजधार हथियारों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी आरोपी उसे एक्टिवा स्कूटी की पिछली सीट पर लिटाकर शरीफपुरा और रानी बाजार की गलियों में घुमाते रहे। वीडियो में आरोपी लगातार हिंसा करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाद में कुनाल को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, वीडियो में यह भी देखा गया कि आरोपी शव के साथ भी बेरहमी करते रहे। कुछ आरोपी शव पर कूदते हुए दिखाई दिए, जबकि उनके हाथों में दातर और अन्य तेजधार हथियार थे। घटना के दौरान इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। जब दोनों गुटों के बीच झगड़ा हुआ, तो कुनाल गुट के कुछ युवकों को पकड़कर गलियों में घसीटा गया और उनके साथ मारपीट की गई। एक विकलांग राहगीर उन्हें रोकने की कोशिश करता दिखाई दिया, लेकिन आरोपी किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। डर के कारण इलाके के लोग अपने घरों की छतों से इस पूरी घटना की वीडियो बनाते रहे, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। घटना के बाद शरीफपुरा इलाके में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। यह पूरी घटना वीरवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *