महिला कर्मचारी को ताला फेंककर मारने का आरोप:कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार, इंचार्ज की गिरफ्तारी और सस्पेंड करने की मांग

Actionpunjab
2 Min Read




बारां के गवर्नमेंट राजमल मीणा जिला अस्पताल में रविवार को मातृ एवं शिशु विभाग के कर्मचारियों ने वार्ड इंचार्ज मोहनलाल मीणा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वार्ड इंचार्ज पर एक महिला कर्मचारी पर ताला फेंककर मारने का आरोप लगाया और उनकी गिरफ्तारी व निलंबन की मांग की। घटना के विरोध में वार्ड बॉय और वार्ड लेडी कार्मिकों ने कार्य बहिष्कार कर अस्पताल गेट पर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि मोहनलाल मीणा ने प्रसव पूर्व वार्ड में एक महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उस पर ताला फेंका था। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड इंचार्ज अक्सर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करते हैं। महिला कार्मिकों ने उन पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया, जिससे कार्यस्थल का माहौल खराब हो रहा है और महिला कर्मचारियों में भय का वातावरण है। मामले की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों ने कर्मचारियों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कर्मचारी वार्ड इंचार्ज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। अस्पताल परिसर में चले इस प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक वार्ड इंचार्ज को निलंबित और गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *