![]()
हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार को एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बरवाला निवासी सुमित कुमार अपने परिचित 15 वर्षीय किशोर हिमांशु के साथ बाइक पर सवार होकर हिसार की ओर से बरवाला लौट रहा था। जब वे हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बरवाला क्षेत्र स्थित थर्मल पावर प्लांट के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस तरह हुआ हादसा टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को संभालने में मदद की। दोनों घायलों को तत्काल बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के चलते 15 वर्षीय हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चालक सुमित कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना का निरीक्षण कर जांच शुरू की हादसे की सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतक हिमांशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर हादसा, नाबालिग की मौत:तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, घायल चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया
Leave a comment