![]()
रतिया शहर के श्रीराम बाग श्मशान घाट से महिला की अस्थियां गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया, जब सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति श्मशान घाट परिसर में प्रवेश करते दिखाई दिए। पुलिस इन संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, गांव ढाणी बबनपुर निवासी गुरदीप कौर का अंतिम संस्कार किया गया था। शुक्रवार सुबह मृतका के मायके पक्ष के लोग पंजाब के बरे साहिब गांव से अस्थियां चुनने के लिए श्री राम बाग श्मशान घाट पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि मौके पर अस्थियां गायब मिलीं और चिता स्थल पर पानी का छिड़काव किया गया था। बाल्टी में भरकर लाए पानी मामले से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध देर रात श्मशान घाट में दाखिल होते दिख रहे हैं। एक अन्य फुटेज में कुछ लोग जलती चिता पर पानी डालकर उसे बुझाते हुए भी नजर आ रहे हैं। एक व्यक्ति बाल्टी भरकर पानी लाया और चिता पर डाल दिया। फुटेज सामने आने के बाद मायका पक्ष ने इसे एक सुनियोजित घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, श्मशान घाट में तैनात कर्मचारियों, पहरेदारों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। शहर थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
रतिया में पहले पानी डाल आग बुझाई, फिर अस्थियां चुराई:श्मशानघाट के सीसीटीवी में दिखे; शव लेने को भिड़ गए थे ससुराल-मायका पक्ष
Leave a comment