![]()
पठानकोट के मलिकपुर-सुंदरचक्क रोड पर स्थित पोल्ट्री फार्म में अचानक लगी भीषण आग के कारण हजारों चूजे जलकर मर गए। वहीं, लाखों रुपए की फीड भी स्वाहा हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, जब तक हजारों चूजे जल कर मर गए और कई बुरी तरह झुलस गए।
पोल्ट्री फार्म संचालक ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने अपने खेत में आग लगाई थी। उसी की आग फार्म की शेड तक पहुंची और यह घटना घटी। पीड़ित ने पड़ोस के खेत में आग लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। खेत की चिंगारी बनी तबाही का कारण
पोल्ट्री फार्म के मालिक सोहन लाल निवासी मलिकपुर सुंदरचक्क रोड ने बताया कि उसके फार्म के ठीक पीछे एक व्यक्ति ने ठेके पर ली हुई जमीन में आग लगाई थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां से एक बड़ी चिंगारी उड़कर सीधे उसके पोल्ट्री फार्म के ऊपर आ गिरी। उसने खुद चिंगारी को गिरते देखा और तुरंत काबू पाने के लिए काफी पानी भी मारा, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया।
लाखों का हुआ नुकसान
पीड़ित सोहन लाल ने बताया कि फार्म में हजारों मुर्गियां रखी हुई थीं। जो अब करीब 32 से 33 दिन की हो चुकी थीं। उन्होंने बताया कि प्रति चूजा 56.10 रुपए के हिसाब से खरीदा गया था। इस समय तक एक-एक पक्षी करीब ढाई किलो दाना खा चुका था। बाजार में फीड की कीमत 45 से 50 प्रति किलो है। इस हिसाब से सिर्फ दाने और चूजों की कीमत को मिलाकर उसका लाखों रुपये का सीधा नुकसान हो चुका है। श्रीनगर नहीं जा पाएगी पोल्ट्री
पीड़ित सोहन लाल ने ये भी बताया कि उसकी अधिकतर मुर्गियों को श्रीनगर भेजा जाता है। लेकिन, अब जो हालात हैं। मुर्गियों के झुलसने के कारण अब इन्हें श्रीनगर जैसी दूर मंडियों में नहीं भेजा जा सकता, इन्हें स्थानीय स्तर पर ही औने-पौने दामों में जैसे-तैसे बेचना पड़ेगा, जिससे नुकसान और ज्यादा बढ़ जाएगा।
दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फार्म का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। पीड़ित के अनुसार फार्म के ऊपरी हिस्से में मौजूद सभी और नीचे के फ्लोर पर भी आधे से ज्यादा मुर्गियां झुलसकर मर चुकी हैं और भीषण गर्मी व धुएं के कारण बची हुई मुर्गियां के भी रात तक मरने की पूरी संभावना है।
पोल्ट्री फार्म का ऊपरी हिस्सा पूरा खाक
पोल्ट्री फार्म की आग को बुझाने पहुंची दमकल विभाग की टीम के अधिकारी राजेश ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। हालांकि नुकसान काफी ज्यादा हुआ है। अधिकारी ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मलिकपुर के पास एक पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लग गई है।
सूचना मिलते ही वे तुरंत अपनी पूरी टीम और गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। नुकसान का जायजा लेते हुए अधिकारी ने कहा कि जब वे यहां पहुंचे तो आग काफी फैल चुकी थी। पोल्ट्री फार्म का जो ऊपरी हिस्सा था, वह पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं
अधिकारी से आग लगने के कारणों के बारे में पूछा गया उन्होंने कहा कि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। चूंकि अभी भी मलबे से धुआं निकल रहा है और अंदर तपन है, इसलिए स्थिति पूरी तरह शांत होने और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आग असल में किस वजह से लगी थी।
आरोपी मौके से फरार; सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग
पीड़ित सोहन लाल ने बताया कि जिस व्यक्ति की लापरवाही के कारण यह आग लगी, वह घटना के बाद अपनी जिम्मेदारी समझने या मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। सोहन लाल ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके हुए भारी नुकसान का उचित मुआवजा दिलवाया जाए।
पठानकोट में खेत की आग से जला पोल्ट्री फार्म:भीषण आग में हजारों चूजे जलकर मरे, लाखों का नुकसान, खेत में आग लगाने वाले पर कार्रवाई की मांग
Leave a comment