![]()
अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अब भारत में आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को पेट्रोल की कीमत में 94 पैसे और डीजल की कीमतों में 91 पैसे का एक बार फिर इजाफा कर दिया। महज 5 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में दूसरी बार बढ़ोतरी होने से आम जनता, वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। जयपुर में पेट्रोल 108 रुपए 91 पैसे हुआ नई दरें लागू होने के बाद राजस्थान की राजधानी जयपुर में पेट्रोल की कीमत 107 रुपए 97 पैसे प्रति लीटर से बढ़कर 108 रुपए 91 पैसे हो गई है। वहीं डीजल के दाम 93 रुपए 23 पैसे से बढ़कर 94 रुपए 14 पैसे प्रति लीटर पहुंच गए हैं। लगातार बढ़ रही कीमतों का असर अब रोजमर्रा के खर्चों पर भी पड़ने लगा है। दरअसल, खाड़ी देशों में लगातार बिगड़ते हालात और ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने से वैश्विक स्तर पर कीमतों में तेजी आई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलाव का सीधा असर घरेलू पेट्रोल-डीजल कीमतों पर पड़ रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बढ़े दाम सरकार की ओर से पहले ही लोगों से ईंधन का सीमित उपयोग करने और सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील की जा चुकी है। लेकिन हालात सामान्य नहीं होने और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के चलते अब ईंधन के दाम बढ़ाना मजबूरी बनता जा रहा है। ट्रांसपोर्ट कारोबारी सुशील जैन का मानना है कि यदि मध्य पूर्व में तनाव लंबे समय तक जारी रहता है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से फल-सब्जियों, खाद्य सामग्री, निर्माण सामग्री और ऑनलाइन डिलीवरी जैसी सेवाओं की लागत भी बढ़ सकती है। इससे महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ रहा जयपुर में मंगलवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर नए रेट लागू कर दिए गए। कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल के दामों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ रही है। किराया और मालभाड़ा भी बढ़ सकता है वहीं ट्रांसपोर्ट और टैक्सी ऑपरेटरों ने भी संकेत दिए हैं कि यदि डीजल की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो किराए और मालभाड़ा बढ़ाना पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजरें अंतरराष्ट्रीय हालात और केंद्र सरकार की आगामी रणनीति पर टिकी हुई हैं। ————- ये खबर भी पढ़िए राजस्थान में पेट्रोल 109 रुपए लीटर से भी महंगा:हर जिले में 3 रुपए से ज्यादा बढ़ी दरें; डीजल 95 के करीब, प्रीमियम पेट्रोल भी महंगा पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की रेट में बढ़ोतरी कर दी है। शुक्रवार से ही नई रेट लागू हो गई है। रेट बढ़ने के बाद राजधानी में जयपुर में पेट्रोल अब 107.97 रुपए प्रति लीटर हो गया है। (पढ़िए पूरी खबर)
5 दिन में फिर बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम:जयपुर में पेट्रोल 94 पैसे और डीजल 91 पैसे हुआ महंगा, जानें प्रति लीटर कीमत
Leave a comment