बकरीद शांतिपूर्ण संपन्न कराने को बैठक, अफवाहों पर नजर:डीएम-एसएसपी ने दिए निर्देश, नई परंपरा न शुरू करने की अपील

Actionpunjab
3 Min Read




मेरठ में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे की उपस्थिति में हुई। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान, प्रबुद्धजनों ने विद्युत व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था जैसी समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी बकरीद का पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न दी जाए। नगर निगम को बकरीद के मद्देनजर नगर क्षेत्र में वार्डवार योजना तैयार कर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्थानीय स्तर पर भी शांति समिति की बैठकें आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों का निस्तारण केवल कूड़ा गाड़ी के माध्यम से ही किया जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग को खराब या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को अपने कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने कहा कि मेरठ में अपराधों में कमी आने के बाद विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी नई परंपरा शुरू न की जाए। नागरिकों से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी शिकायत या समस्या के लिए तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहेगा और संबंधित अधिकारियों को किसी भी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी ने चेतावनी दी कि त्योहार में खलल डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *