![]()
सोनीपत में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस की क्राइम यूनिट वेस्ट (CIA-1) ने लूट और हत्या के प्रयास जैसी जघन्य वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद काबू कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी खरखौदा क्षेत्र में किसी अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, जिस दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दूसरे को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर हरियाणा और दिल्ली के कई जिलों में लूट, डकैती, हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। क्या था पूरा मामला
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र के अनुसार 11 मई 2026 को रोहट गांव के पास ओला टैक्सी चालक असलम खान पुत्र अमिखा खान निवासी देवली नगंली जिला नूंह मेवात के साथ दो अज्ञात युवकों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपियों ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से चालक पर कई वार किए और उसे गंभीर हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी उससे नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। मामले में थाना सदर सोनीपत में हत्या के प्रयास और लूट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित हुईं टीमें घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह IPS के निर्देशानुसार और पुलिस उपायुक्त क्राइम नरेंद्र कादयान के नेतृत्व में क्राइम यूनिटों सहित कई विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी और तकनीकी जांच के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। खरखौदा क्षेत्र में मिली थी आरोपियों की सूचना जांच के दौरान मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी राजू उर्फ बांडा अपने साथी के साथ थाना खरखौदा क्षेत्र में मौजूद है और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही CIA-1 इंचार्ज निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और आरोपियों की घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ पुलिस टीम ने जब आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों ने भागने की कोशिश की, जिसके दौरान मुठभेड़ की स्थिति बन गई। पुलिस ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए आरोपी राजू उर्फ बांडा तथा उसके साथी संजय पुत्र रमेश कुमार निवासी न्यू पटेल पार्क लाइनपार बहादुरगढ़ जिला झज्जर को काबू कर लिया। मुठभेड़ में घायल हुए राजू उर्फ बांडा को तुरंत उपचार के लिए जिला सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राजू उर्फ बांडा के खिलाफ दिल्ली, रोहतक, झज्जर और सोनीपत में लूट, डकैती, चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी संजय के खिलाफ भी हत्या, लूट, चोरी, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों और आपराधिक नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन-किन जिलों में सक्रिय रहे हैं और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
सोनीपत में बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़:एक के पैर में लगी गोली; दूसरा मौके से किया गिरफ्तार, ड्राइवर को मारे थे सुए
Leave a comment