![]()
फरीदकोट में कोटकपूरा की नई अनाज मंडी में पावरकॉम आउटसोर्स स्पॉट बिलिंग मीटर रीडर यूनियन की ओर से पंजाब सरकार के खिलाफ राज्य स्तरीय धरना दिया गया। इस दौरान यूनियन ने विधानसभा चुनावों से पहले किए गए वादे के अनुसार आउटसोर्स मीटर रीडरों को पावरकॉम के अधीन लाकर काम करवाने की मांग उठाई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए मजबूर होंगे। धरने में यूनियन नेताओं ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने मीटर रीडरों से वादा किया था कि सरकार बनने के बाद उन्हें विभाग के अधीन लाया जाएगा। क्योंकि ठेकेदार कंपनियों द्वारा उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोटकपूरा से से विधायक व पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी विशेष बैठक कर आउटसोर्स मीटर रीडरों को भरोसा दिया था। लेकिन सरकार के चार साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई है। नेताओं ने कहा कि ठेकेदार कंपनियों की ओर से आउटसोर्स मीटर रीडरों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मांग पूरी नहीं हुई तो तीखा संघर्ष करने को मजबूर होंगे-यूनियन इस मौके पर बातचीत करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर सिंह वैद समेत अन्य नेताओं ने कहा कि पीएसपीसीएल कंप्लेंट सेंटरों में कार्यरत कर्मचारियों को सरकार द्वारा विभाग के अधीन लाया जा चुका है, जबकि आउटसोर्स मीटर रीडरों की अब तक कोई सुनवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उन्हें विभाग के अधीन नहीं लिया तो वे तीखा संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा।
कोटकपूरा में आउटसोर्स मीटर रीडरों का राज्य स्तरीय धरना:पावरकॉम अधीन करने की मांग पर सरकार को संघर्ष की चेतावनी
Leave a comment