![]()
झालावाड़ जिले के घाटोली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक युवक ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए थाने के सामने ही सल्फास की गोलियां खा लीं। युवक की हालत बिगड़ने पर पहले अकलेरा अस्पताल और बाद में झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और युवक के बयान दर्ज किए। मामला लिव इन रिलेशनशिप विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। थाने के सामने खाई जहरीली गोलियां जानकारी के अनुसार, झरमोड़ी थाना बकानी निवासी मनीष बैरागी (30) पुत्र मनोहरलाल वैष्णव गुरुवार दोपहर घाटोली थाने पहुंचा था। मनीष का आरोप है कि अपने लिव इन रिलेशनशिप विवाद में रिपोर्ट दर्ज कराने आया था, लेकिन पुलिस उसकी शिकायत नहीं सुन रही थी। इससे परेशान होकर उसने कथित तौर पर थाने के सामने ही सल्फास की गोलियां खा लीं। तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती सल्फास खाने के कुछ देर बाद मनीष की तबीयत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत अकलेरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रेमिका ने आने से किया मना, थाने पर आकर खाया सल्फास झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि मनीष ने अपनी प्रेमिका के नहीं आने पर थाना घाटोली के सामने आकर सल्फास की गोलियां खालीं। प्रेमिका अपनी बहन-जीजा के यहां घाटोली के गांव में रुकी हुई है। प्रेमिका ने युवक के साथ जाने से इनकार कर दिया था। इस बात से दुखी होकर युवक आज थाने के गेट के पास सल्फास खा लिया। उसे इलाज के लिए एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। युवक पहले से शादीशुदा है, जो अपनी पत्नी से अलग रहता है। अस्पताल पहुंची पुलिस, बयान दर्ज घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची और युवक के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
थाने में नहीं हुई सुनवाई तो युवक ने खाया सल्फास:हालत बिगड़ने पर एसआरजी अस्पताल रेफर, प्रेमिका के साथ चल रहा था विवाद
Leave a comment