![]()
वाराणसी में यातायात सुधार के लिए प्रशासन एक्शन मोड में है। जाम और सड़क हादसों को कम करने के लिए जिला प्रशासन ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वालो पर सख्ती दिखाएगा। सबसे पहले शहर में चिह्नित 500 वाहनों पर पहली गाज गिरेगी, इन सभी वाहनों का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से रद किया जा रहा है। इन पर बार-बार यातायात नियम तोड़ते पकड़े गए और जिनके लगातार चालान कट रहे हैं। डीएम की ओर से ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा और स्कूल वाहनों पर सख्ती बरती जाएगी, ताकि सड़कें बाधित ना हो। DSO और DCP ट्रैफिक को संयुक्त रूप से नोडल बनाया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में कई बड़े और कड़े फैसले लिए गए। सबसे बड़े ट्रैफिक सिरदर्द कैंट बस स्टेशन क्षेत्र को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। रोडवेज बसों और अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले रोजाना के भीषण जाम को खत्म करने के लिए प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग (ARTO) और PWD की संयुक्त टीम गठित करने का आदेश दिया गया है। यह टीम मौके पर जाकर स्थायी समाधान तैयार करेगी। साथ ही सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने का अभियान भी तेज किया जाएगा। ई-रिक्शों और स्कूली वाहनों की फिटनेस व रूट परमिट की जांच को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। पेट्रोल पंपों से मुख्य सड़क पर निकलने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए गए ताकि अचानक वाहन निकलने से होने वाले हादसों को रोका जा सके। ब्लैक स्पॉट्स सुधरेंगे, हाईवे किनारे बनेगी सर्विस रोड जिले में चिन्हित दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट्स’ को सुधारने के लिए PWD को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हाईवे से जुड़ने वाले ग्रामीण और स्थानीय मार्गों पर सर्विस रोड निर्माण तथा मानक के अनुरूप स्पीड ब्रेकर लगाने को कहा गया है। DM ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए केवल चालान काटना काफी नहीं है। लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। शहर में हेलमेट और सीट बेल्ट चेकिंग अभियान को और सख्ती से चलाने का आदेश दिया गया है। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी DSO और DCP ट्रैफिक को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।
वाराणसी में ट्रैफिक-रूल्स तोड़ने वाले 500 वाहनों का पंजीकरण रद:कैंट स्टेशन के सामने जाम पर डीएम नाराज, DSO-DCP ट्रैफिक को बनाया नोडल
Leave a comment