धौलपुर में पारा 44 डिग्री पार:लू के थपेड़ों ने बढ़ाई परेशानी, भीषण गर्मी से सड़कें और बाजार सूने

Actionpunjab
2 Min Read




धौलपुर जिले में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह 8 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं। दोपहर के समय हालात और अधिक विकट हो जाते हैं। भीषण गर्मी के चलते जिला मुख्यालय सहित सभी उपखंड क्षेत्रों में बाजारों, बस स्टैंडों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही में भारी कमी आई है। दोपहर में प्रमुख बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। भीषण गर्मी से पशु-पक्षी भी परेशान
गर्मी का असर केवल इंसानों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पशु-पक्षी और वन्यजीव भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। जलस्रोतों के आसपास पशुओं और पक्षियों की संख्या बढ़ गई है। कई स्थानों पर पक्षी प्यास से बेहाल नजर आ रहे हैं, जबकि मवेशी छायादार स्थानों की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं। लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती वस्त्र पहनने तथा ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, शिकंजी और अन्य तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी है। दोपहर में नहीं निकले बाहर
चिकित्सकों का कहना है कि लू लगने की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना आवश्यक है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष राहत मिलने के आसार नहीं हैं और पारा और ऊपर जा सकता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *