वर्ल्ड अपडेट्स:मेटा के पूर्व इंजीनियर ने भेदभाव का आरोप लगाया, कहा- छंटनी में गैर-चीनी कर्मचारियों को टारगेट किया गया

Actionpunjab
4 Min Read




फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा के एक पूर्व इंजीनियर ने कंपनी पर नस्लीय भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए हैं। जेरेमी बर्नियर नाम के इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट लिखकर अपने अनुभव साझा किए। उन्हें हाल ही में कंपनी की छंटनी में नौकरी से निकाल दिया गया था। बर्नियर का दावा है कि उनकी टीम में लगभग 90% कर्मचारी चीनी थे और गैर-चीनी कर्मचारियों को अक्सर अलग-थलग महसूस कराया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम में गैर-चीनी कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाया गया और छंटनी में भी उन्हें ज्यादा निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि जिन 7 कर्मचारियों को उन्होंने अपनी टीम में नौकरी जाते देखा उनमें से 6 गैर-चीनी थे। बर्नियर ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी टीम में ज्यादातर बातचीत मंदारिन भाषा में होती थी, जिससे बाकी लोग खुद को टीम से कटा हुआ महसूस करते थे। उनके मुताबिक, मीटिंग्स भले ही अंग्रेजी में होती थीं, लेकिन मीटिंग खत्म होते ही लोग तुरंत मंदारिन में बात करने लगते थे। उन्होंने लिखा, मैं एक-दो बातचीत की बात नहीं कर रहा, बल्कि लगभग हर बातचीत मंदारिन में होती थी। 10 से ज्यादा लोग मंदारिन में बात करते थे और दो गैर-चीनी कर्मचारी कुछ समझ नहीं पाते थे। बर्नियर ने अपने अनुभव की तुलना चीन की कंपनी हुआवेई से करते हुए कहा कि अगर वहां किसी दूसरी भाषा का इतना ज्यादा इस्तेमाल होता, तो चीन के लोग नाराज हो जाते। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… फिलीपींस में 9 मंजिला इमारत गिरी, कई मजदूर मलबे में फंसे फिलीपींस में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एंजेलिस सिटी में बन रही 9 मंजिला इमारत अचानक गिर गई। यह हादसा तड़के उस समय हुआ जब इलाके में तेज तूफान और बारिश हो रही थी। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय इमारत में काम कर रहे 22 मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अन्य मजदूर अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी और सरकारी कर्मचारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहा है। पुलिस अधिकारी जेस मेंडेज ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि कितने मजदूर लापता हैं। अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। व्हाइट हाउस के पास फायरिंग, ट्रम्प अंदर मौजूद थे:सुरक्षाबलों ने संदिग्ध को गोली मारी, मौत अमेरिका के वॉशिंगटन में शनिवार को एक संदिग्ध शख्स ने व्हाइट हाउस के पास करीब 30 राउंड फायरिंग की। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस के संदिग्ध हमलावर ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर गोलियां चलाईं, जहां US सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। अफसरों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली लगी। हॉस्पिटल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। इस गोलीबारी में एक आम नागरिक भी गोली लगने से घायल हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि उसे हमलावर की गोली लगी या जवाबी फायरिंग के दौरान चोट पहुंची। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रम्प की बेटी को भी हत्या की धमकी मिली थी। इस मामले में एक इराकी युवक को गिरफ्तार किया गया था। वह ईरानी सेना से जुड़ा हुआ था। आरोपी के पास इवांका और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित घर का ब्लूप्रिंट यानी नक्शा भी मिला था। पढ़ें पूरी खबर…

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *